विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7 लाख का नचनिया ऊंट, 72 घंटे की शेविंग और हजारों का खर्च; पुष्कर मेले में छाया 'बादल' का शाही मेकओवर

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:43 PM (IST)

पुष्कर मेले में सीकर का ऊंट 'बादल' अपने शाही श्रृंगार और नृत्य के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसकी शेविंग में 72 घंटे और 20 हजार रुपये लगते हैं।

बादल का शाही मेकओवर और डांस से आकर्षण (फोटो-सोशल मीडिया)

बादल का शाही मेकओवर और डांस से आकर्षण (फोटो-सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, अजमेर। पुष्कर पशु मेले में सीकर का ऊंट बादल अपने खास श्रृंगार और डांस करने के चलते लोगों व पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उसके शरीर पर राजस्थानी बूटे, पत्तियां, मोर, हंस, पगड़ीधारी पुरुष और मटकी लिए महिला की आकर्षक आकृतियां उकेरी गई हैं।

इस अनोखे ऊंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस ऊंट की शेविंग में 72 घंटे का समय लगता है और करीब 20 हजार रुपये भी खर्च होते हैं।

हरियाणा से आता है विशेष कारीगार

ऊंटपालक विकास पचार के अनुसार, बादल के श्रृंगार के लिए हरियाणा से विशेष कारीगर बुलाया जाता है। मेले से करीब एक सप्ताह पहले कटिंग और शेविंग की प्रक्रिया शुरू होती है। एक बार की शेविंग में लगभग 72 घंटे लगते हैं और करीब 20 हजार रुपए खर्च होते हैं। मेले के दौरान भी उसका नियमित टचअप कराया जाता है।

शाही खुराक और कठिन ट्रेनिंग

विकास पचार ने बताया कि वे बादल को संतान की तरह पालते हैं और उसकी देखभाल पर हर महीने हजारों रुपए खर्च करते हैं। उसे साढ़े आठ हजार रुपए क्विंटल की ग्वार खिलाई जाती है। त्वचा और बालों की चमक बनाए रखने के लिए खुराक में तिल्ली, सरसों का तेल और घी भी दिया जाता है।

डांस को लेकर पचार ने बताया कि ऊंटों को दो साल की उम्र से ट्रेनिंग दी जाती है, जो सबसे चुनौतीपूर्ण दौर होता है। इस दौरान कई बार ऊंट लात मारते हैं या गर्दन से झटका देते हैं, जिससे ट्रेनर और ऊंट दोनों को खतरा रहता है।

बादल को पंसद हैं गाने

बादल चौटाला, भंगड़ा और तीतरी जैसी मुद्राओं में थिरकता है और उसे तेजल सुपर डूपर और म्हारो तेजाजी रखवालो गीत खासे पसंद हैं। जैसलमेर, बीकानेर और नागौर के बाद पुष्कर की नृत्य प्रतियोगिता में भी वह अपनी पहचान बनाए हुए है।

बादल की कीमत को लेकर मालिक ने कुछ नहीं बताया गया है, लेकिन इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। यह कीमत स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा सोशल मीडिया पर दी गई है। हालांकि, अलग-अलग ऊंटों की कीमत मेलों में अलग-अलग नस्लों और बनावट के हिसाब से तय होती है।

इस बीच, मंगलवार को आखिरी महास्नान के साथ मेला मैदान में पुष्कर पशु मेले का समापन समारोह आयोजित हुआ। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और इसी के साथ प्रशासनिक स्तर पर मेले का समापन हो गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।