रक्षाबंधन का आध्यात्मिक सच: तिलक आत्म-जागरूकता, राखी सुरक्षा और मिठाई है मीठे बोल का प्रतीक
भाई-बहन के प्रेम व स्नेह का पावन पर्व हमें अपने पारिवारिक तथा मानवीय मूल्यों तथा संबंधों में गुणवत्ता लाने को प्रेरित करता है। राखी, तिलक, मिठाई आदि प्रतीक भी हमारे जीवन में परिवर्तन का संकेत देते हैं। रक्षा बंधन (28 अगस्त) पर विशेष।

तिलक, राखी और मिठाई के पीछे छिपे मानवीय संबंध
ब्रह्मा कुमारी शिवानी (प्रेरक वक्ता)। रक्षाबंधन आपसी संबंधों में स्नेह और समरसता के मूल्यों का ऐसा उत्सव है, जो मानवीय जुड़ाव को अधिक प्रोत्साहित करता है। इस पर्व को अक्सर प्रेम, सुरक्षा और दायित्व के त्योहार के रूप में देखा जाता है, लेकिन कलाई पर धागे का सूत्र होने से पहले, यह आत्माओं के बीच एक स्नेहसिक्त बंधन का प्रतीक है। वस्तुत: रक्षाबंधन हमें याद दिलाता है कि हमारे संबंध किसी रस्म रिवाज के कारण नहीं, बल्कि एक-दूसरे को आवश्यक समय, ध्यान और ऊर्जा देने से प्रगाढ़ होते हैं। आज के समय में यह संदेश पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण और प्रासंगिक है।
हम अपने चारों ओर देखें तो कई लोग चुपचाप भावनात्मक दर्द से जूझ रहे हैं। कुछ लोग अकेलेपन, चिंता, अवसाद और अन्य मानसिक द्वंद्व व स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। हम एक मौन संकट को देख रहे हैं, जहां लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, एक दूसरे से इतना बिछड़े व कटा हुआ महसूस करते हैं कि उन्हें अब जीने का कोई कारण दिखाई नहीं देता है। अक्सर, यह संकेत अधिक सूक्ष्म होते जा रहे हैं- कोई सामान्य से अधिक शांत हो जाता है, कोई बहुत प्रतिक्रियाशील, अलग-थलग या तनावग्रस्त हो जाता है। तकनीक के कारण हम जानते हैं कि कोई कब आनलाइन है, कौन कहां यात्रा की यात्रा पर है और किसने क्या जश्न मनाया, लेकिन क्या हम जानते हैं कि वे कब परेशान होते हैं? जैसे-जैसे तकनीक और एआइ हमारे जीवन का एक बड़ा हिस्सा बनते जा रहे हैं, हम यह सुनिश्चित करें कि वे कभी भी देखभाल और करुणा के गहरे मानवीय जुड़ाव की जगह न लें।
रात के खाने के लिए एक साथ बैठे परिवार के बारे में जरा सोचिए! हर कोई स्क्रीन की ओर देख रहा होता है। हम शारीरिक रूप से तो साथ होते हैं, फिर भी मानसिक रूप से दूर होते हैं। एक प्यार भरी बातचीत, एक धैर्यवान श्रोता और बस किसी का यह कहना: "मैं तुम्हारे साथ हूं।" यह बात किसी के मन को हमारी कल्पना से कहीं अधिक ठीक कर सकता है। हर रिश्ता एक ऐसी जगह बन सकता है, जहां लोग सुरक्षित महसूस करें। रक्षाबंधन की रस्में हमें खूबसूरती से दिखाती हैं कि उस जुड़ाव को कैसे मजबूत किया जाए।
- तिलक : माथे पर लगाया गया तिलक हमें याद दिलाता है कि हम सभी चैतन्य ऊर्जा हैं, यात्रा पर निकला एक आत्मा हैं, जो कई जन्मों के भावनात्मक अनुभवों और कर्म संबंधों को लेकर चल रहा है। यह आत्मिक भावना या जागरूकता हमें बदलती है। हमारी अपेक्षाएं स्वीकृति बन जाती हैं और हम स्वाभाविक रूप से प्रेम, सम्मान और सहानुभूति को चारों ओर फैलाते हैं।
- राखी : जब हम राखी का स्थूल धागा बांधते या बंधवाते हैं, तो अपने संबंधों में भावनात्मक सुरक्षा का संकल्प लें: “मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं। जैसे ही हम यह संकल्प लेते हैं, हम अधिक दयालु और भावनात्मक रूप से शक्तिशाली बन जाते हैं।
- मिठाई: यह हमें अपने शब्दों, स्वर और बातचीत में मिठास लाने की याद दिलाती हैं।
- उपहार: आज सबसे बड़ा उपहार हमारा अटूट ध्यान है। हर शाम हम गैजेट्स को एक तरफ रखें और परिवार के साथ पूरी तरह मौजूद रहें। भोजन के समय भी हम अपने फोन को दूर रखें और टीवी बंद कर दें। फारवर्ड किए संदेश भेजने के बजाय समय निकालकर अपने संबंधियों और मित्रों को फोन करें या उनसे मिलने जाएं। हर व्यक्तिगत बातचीत हमारे खुशी के स्पंदन को बढ़ाती है और आपसी संबंध मजबूत करती है।
राखी कुछ दिनों तक कलाई पर रह सकती है, लेकिन हमारा संवेदनशीलता के साथ दिया गया ध्यान, स्वीकृति और स्नेह का धागा हमारे संबंधों को जीवन भर के लिए मजबूत कर सकता है।
