कैसे कराएं बच्चों का Aadhaar बायोमेट्रिक फ्री में अपडेट? जानें लास्ट डेट और पूरा तरीका
अगर आपके घर में 5 या 15 साल के बच्चे हैं, तो उनका आधार बायोमेट्रिक तुरंत अपडेट करा लें। फिलहाल यह काम बिल्कुल फ्री में हो रहा है, जानिए कैसे और कब तक करा सकते हैं अपडेट।

बच्चों का Aadhaar बायोमेट्रिक फ्री में ऐसे करें अपडेट। Photo- ChatGPT.
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। वैसे किसी इंसान के कोर बायोमेट्रिक पैटर्न जैसे- फिंगरप्रिंट्स और आइरिस स्ट्रक्चर का पैटर्न पूरी जिंदगी एक जैसा ही रहता है, लेकिन बच्चों का शरीर तेजी से बढ़ने के कारण इनका साइज बढ़ जाता है। इसके अलावा, 5 साल से छोटे बच्चों के फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन रिकॉर्ड नहीं किए जाते हैं। इसी वजह से भारत सरकार बच्चों के बायोमेट्रिक को दो बार अपडेट कराना जरूरी मानती है: पहली बार जब बच्चा 5 साल का हो जाए और दूसरी बार 15 साल की उम्र में। अगर आप आधार में बायोमेट्रिक्स अपडेट नहीं कराते हैं, तो बाद में स्कूल एडमिशन, स्कॉलरशिप और एग्जाम रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आ सकती है। अच्छी बात ये है कि पेरेंट्स फिलहाल अपने बच्चे की आधार बायोमेट्रिक जानकारी बिल्कुल फ्री में अपडेट करवा सकते हैं। लेकिन इसके लिए कौन एलिजिबल है, लास्ट डेट कब है और कौन-से डॉक्यूमेंट्स जरूरी हैं? यहां इस आधार बायोमेट्रिक अपडेट, इसकी डेडलाइन और पूरे प्रोसेस की जानकारी दी गई है।
Aadhaar बायोमेट्रिक फ्री अपडेट: लास्ट डेट
पेरेंट्स अपने बच्चों के आधार पर फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक्स फ्री में अपडेट करा सकते हैं, जिसकी सुविधा 30 सितंबर 2026 तक उपलब्ध है। ध्यान रहे कि डेडलाइन खत्म होने के बाद इसके लिए दोबारा तय फीस लगना शुरू हो जाएगी।
ध्यान रखने वाली बातें
अप्लाई करने का तरीका जानने से पहले कुछ जरूरी बातों को समझ लें:
- इस अपडेट में फिंगरप्रिंट्स, आई स्कैन और एक नई फोटो शामिल होती है।
- 5 साल से छोटे बच्चों के लिए ये जरूरी नहीं है, क्योंकि उनके फीचर्स अभी बदल रहे होते हैं।
- बायोमेट्रिक का काम ऑनलाइन नहीं किया जा सकता, इसके लिए आधार सेंटर जाना अनिवार्य है।
- बच्चे का आधार नंबर और पेरेंट्स अपना आधार कार्ड अपने पास जरूर रखें।
- प्रूफ के तौर पर बर्थ सर्टिफिकेट या स्कूल आईडी कार्ड मांगा जा सकता है।
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट कैसे बुक करें?
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए नीचे दिए गए आसान स्टेप्स फॉलो करें:
- आधार अपॉइंटमेंट बुक करने की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं।
- अपना शहर और सबसे नजदीकी सेंटर सेलेक्ट करें।
- सर्विस के तौर पर 'Aadhaar Update' चुनें।
- अपनी सुविधा के हिसाब से डेट और टाइमिंग सेलेक्ट करें।
- बच्चे की सभी जरूरी डिटेल्स भरें और बुकिंग प्रोसेस पूरा करें।
- अपॉइंटमेंट स्लिप का प्रिंटआउट निकाल लें।
इसके बाद चुने गए दिन अपने बच्चे और जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ सेंटर पहुंचे। वहां का स्टाफ फिंगरप्रिंट्स, आई स्कैन और फोटो सीधे सिस्टम में कैप्चर करेगा। इस स्टेप को छोड़ा नहीं जा सकता, क्योंकि बायोमेट्रिक्स के लिए बच्चे का फिजिकली मौजूद होना जरूरी है। प्रोसेस पूरा होने के बाद आपको एक रसीद मिलेगी, जिसके नंबर से आप अपडेट स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं। आमतौर पर ये कुछ ही दिनों में अपडेट हो जाता है, हालांकि कुछ मामलों में थोड़ा ज्यादा समय भी लग सकता है।
