ग्रैंडस्लैम चैंपियन वीनस विलियम्स का सिंगल्स में हार का सिलसिला जारी
सात बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन वीनस विलियम्स की सिंगल्स मुकाबलों में हार का सिलसिला 13 मैचों तक पहुंच गया है।

वीनस विलियम्स
एपी, मेसन (अमेरिका)। सात बार की ग्रैंडस्लैम चैंपियन वीनस विलियम्स की सिंगल्स मुकाबलों में हार का सिलसिला 13 मैचों तक पहुंच गया है। उन्हें सिनसिनाटी ओपन के पहले दौर में क्वालीफायर एमिलियाना अरंगो ने 6-2, 6-2 से हराया। दूसरे दौर में अरंगो का सामना सातवीं वरीयता प्राप्त और गत चैंपियन इगा स्वियातेक से होगा।
46 वर्षीय वीनस को डब्ल्यूटीए 1000 टूर्नामेंट में वाइल्ड कार्ड के जरिए प्रवेश मिला था। उन्होंने जुलाई 2025 के बाद से सिंगल्स मुकाबला नहीं जीता है। कोलंबिया की 25 वर्षीय क्वालीफायर अरंगो ने लिंडनर टेनिस सेंटर के ग्रैंडस्टैंड कोर्ट पर वीनस को सिर्फ एक घंटे पांच मिनट में शिकस्त दी।
वीनस की सर्विस मैच के पहले ही गेम में टूट गई और इसके बाद उन्हें लगातार संघर्ष करना पड़ा। अरंगो ने पांच में से चार ब्रेक पाइंट को जीत में बदला और पहली सर्विस पर 71 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं, वीनस अपने एकमात्र ब्रेक पाइंट का फायदा नहीं उठा सकीं और पहली सर्विस पर केवल 41 प्रतिशत अंक जीत पाईं।
