Cincinati Open: सेरेना-वीनस को डबल्स में वापसी पर मिली हार, इगा स्वियातेक ने जीता रोमांचक मैच
सेरेना और वीनस विलियम्स को सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इगा स्वियातेक ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मारिया सकारी को हराया।

सेरेना और वीनस विलियम्स
HighLights
सेरेना-वीनस की जोड़ी को झेलनी पड़ी शिकस्त
स्वियातेक ने वापसी करते हुए जीता मुकाबला
एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने एटीपी टूर में अपना 46वां मैच जीता
एपी, मेसन (अमेरिका)। सेरेना और वीनस विलियम्स ने 2022 में अमेरिकी ओपन के बाद अपना पहला डबल्स मैच एक साथ खेला, लेकिन उन्हें सिनसिनाटी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
विलियम्स बहनों ने वापसी पर अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन आखिर में वे मार्टा कोस्त्युक और पेटन स्टर्न्स से 2-6, 6-1 (10-8) से एक रोमांचक मुकाबले में हार गईं। दोनों बहनें मैच के टाईब्रेकर में 6-0 से पिछड़ने के बाद लगभग वापसी करने ही वाली थीं, लेकिन वीनस विलियम्स के एक डबल-फाल्ट ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
सेरेना 2022 से टूर से बाहर थीं और उन्होंने 44 साल की उम्र में गर्मियों के इस सत्र में वापसी की थी। दोनों बहनों ने विंबलडन में एक साथ खेलने की योजना बनाई थी, लेकिन सिंगल्स मैच हारने के दौरान सेरेना के घुटने में चोट लगने के बाद उन्हें टूर्नामेंट से हटना पड़ा। सिनसिनाटी में उन्हें वाइल्ड कार्ड से प्रवेश मिला था।
वीनस और सेरेना ने 14 ग्रैंडस्लैम डबल्स खिताब और कुल मिलाकर 22 खिताब जीते हैं। सेरेना ने 23 सिंगल्स ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। वीनस ने सात खिताब जीते हैं। इस बीच मौजूदा चैंपियन इगा स्वियातेक ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मारिया सकारी को 4-6, 6-1, 6-1 से हराया।
दूसरी वरीयता प्राप्त एलेना रिबाकिना ने मैग्डेलेना फ्रेच को 6-4, 7-6 से, जबकि जेसिका पेगुला ने अपनी हमवतन अमेरिकी खिलाड़ी एम्मा नवारो को 7-5, 6-2 से हराया। पुरुष वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने टेरेंस एटमैन को 7-6 (4), 7-6 (6) से हराकर इस सत्र में एटीपी टूर पर अपना 46वां मैच जीता।
