विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

US Open 2026 में होगी पैसों की बारिश, बदल जाएगा कमाई का पूरा इतिहास; खिलाड़ियों का करोड़पति होना तय

Updated: Fri, 21 Aug 2026 11:02 AM (IST)

इस साल यूएस ओपन में रिकॉर्ड 1034 करोड़ रुपये की कुल पुरस्कार राशि दी जाएगी, जो टेनिस ग्रैंडस्लैम के इतिहास में सबसे अधिक है। पुरुष और महिला सिंगल्स के विजेताओं को 52.66 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि डबल्स विजेताओं को भी बड़ी राशि मिलेगी।

यूएस ओपन में बरसेगा पैसा

यूएस ओपन में बरसेगा पैसा

HighLights

  1. यूएस ओपन में कुल 1034 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि

  2. सिंगल्स विजेताओं को 52.66 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक राशि मिलेगी

  3. खिलाड़ियों के लिए 19.15 करोड़ रुपये का सहायता कार्यक्रम भी शुरू

एपी, न्यूयॉर्क: साल के चौथे और आखिरी ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट यूएस ओपन में पुरुष और महिला सिंगल्स वर्ग के प्रत्येक विजेता को करीब 52.66 करोड़ रुपये (55 लाख डॉलर) की पुरस्कार राशि मिलेगी। यह ग्रैंडस्लैम टेनिस के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि है।

इस साल यूएस ओपन में खिलाड़ियों को लगभग 1034 करोड़ रुपये (10.8 करोड़ डॉलर) की राशि मिलेगी, जो पिछले साल की तुलना में 20 प्रतिशत ज्यादा और 2024 के मुकाबले 44 प्रतिशत अधिक है। अमेरिकी टेनिस संघ (यूएसटीए) ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

करोड़पति बनना तय

यूएस ओपन 23 अगस्त से शुरू होकर 13 सितंबर तक चलेगा। 128 खिलाड़ियों के सिंगल्स मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने वाले हर खिलाड़ी को कम से कम 1.34 करोड़ रुपये (1.4 लाख डॉलर) मिलेंगे। वहीं क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी को 7.46 करोड़ रुपये (7.8 लाख डॉलर) और सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ी को 13.88 करोड़ रुपये (14.5 लाख डॉलर) और उपविजेता को 26.80 करोड़ रुपये (28 लाख डॉलर) मिलेंगे। जबकि सिंगल्स वर्ग की पुरस्कार राशि पिछले साल के 47.87 करोड़ रुपये (50 लाख डॉलर) की तुलना में 4.78 करोड़ रुपये (पांच लाख डॉलर) अधिक है।

पिछले साल एरिना सबालेंका और कार्लोस अलकराज ने यूएस ओपन का खिताब जीता था और टूर्नामेंट के सभी खिलाड़ियों को कुल 8.61 करोड़ रुपये (नौ करोड़ डालर) की राशि मिली थी।

डबल्स विजेताओं को मिलेंगे 9.57 करोड़ रुपये

इस बार पुरुष, महिला और मिक्सड डबल्स के विजेता खिलाड़ियों की टीम को 9.57 करोड़ रुपये (10 लाख डॉलर) मिलेंगे, जबकि उपविजेता टीम को 4.78 करोड़ रुपये (पांच लाख डॉलर) दिए जाएंगे। व्हीलचेयर सिंगल्स के विजेता को 99.58 लाख रुपये (1.04 लाख डॉलर) मिलेंगे। यएूसटीए ने खिलाड़ियों के लिए एक सहायता कार्यक्रम शुरू करने की भी घोषणा की है। इसके लिए शुरुआत में 19.15 करोड़ रुपये (20 लाख डॉलर) दिए जाएंगे। जिसे पुरुष और महिला खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटा जाएगा। इसका इस्तेमाल खिलाड़ियों को अतिरिक्त सुविधाएं देने और मौजूदा पेंशन फंड में मदद करने के लिए किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 'मैंने बहुत बड़ी गलती की', टेनिस स्टार निक किर्गियोस का कोकीन टेस्ट पॉजिटिव, करियर पर लगा बड़ा दाग

यह भी पढ़ें- Cincinati Open: सेरेना-वीनस को डबल्स में वापसी पर मिली हार, इगा स्वियातेक ने जीता रोमांचक मैच