आगरा में भाजपा नेता से रंजिश, दरवाजे पर खड़ी गाड़ी पर पेट्रोल डाल लगाई आग
आगरा में भाजपा युवा मोर्चा के महानगर महामंत्री सौरभ ठाकुर की स्कार्पियो गाड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। ...और पढ़ें

भाजयुमो नेता की कार से उठतीं लपटें।
जागरण संवाददाता, आगरा। घर के सामने खड़ी भाजपा नेता की स्कार्पियो गाड़ी में सोमवार की रात पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। कुछ ही मिनट में पूरी गाड़ी आग का गोला बनकर धू-धू जल गई। सीसीटीवी कैमरो की रिकार्डिंग में एक युवक गाड़ी का शीशा तोड़ने के बाद पेट्रोल डालता नजर आ रहा है। भाजपा नेता ने नामजद 11 लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
एत्माद्दौला के प्रकाश नगर निवासी सौरभ ठाकुर भारतीय जनता यु़वा मोर्चा (भाजयुमो) के महानगर महामंत्री हैं। उनका सैय्यद पर शराब का ठेका भी है। वह सोमवार की रात ट्रांस यमुना कालोनी फेस-दो निवासी अपनी बुआ से मिलने आए थे। अपनी स्कार्पियो घर के सामने खड़ी कर दी। रात करीब एक बजे गाड़ी अचानक आग लग गई। परिवार की आंखों के सामने पूरी गाड़ी धू-धू करके जल गई।
स्वजन ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देखी, जिसमें एक व्यक्ति स्कार्पियो का सामने का शीशा पत्थर से तोड़कर केमिकल डालता दिखाई दे रहा है। पलक झपके पूरी गाड़ी लपटाें में घिर जाती है। जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसमें पेट्रोल डालकर आग लगाई गई है।
सौरभ ठाकुर ने बताया ट्रांस यमुना के प्रकाश नगर निवासी कुछ युवकों से उनका विवाद चल रहा है। आरोप है कि युवकों ने उनसे 50 हजार रुपये चौथ मांगी। सोमवार की रात रास्ते में उनकी गाड़ी को घेर लिया, वह किसी तरह बचकर अपनी बुआ के घर पहुंच गए। आरोपितो ने साजिश के तहत चेहरे पर कपड़ा बांध सोमवार की रात घर के बाहर खड़ी स्कार्पियो में आग लगा दी। भाजयुमाे पदाधिकारी ने एत्माद्दौला थाने पर तहरीर दी है।
दीपावली पर भी हुआ था विवाद
इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र दुबे ने बताया कि दीपावली पर सौरभ ठाकुर पक्ष के लोगों का दूसरे आरोपितों से विवाद हुआ था। मामले में सौरभ पक्ष की ओर से रजनी पुत्री लोकपाल ने मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। रजनी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे सौरभ भदौरिया को रवि कश्यप, भूरा, बबलू यादव पीयूष कश्यप, रितिक कश्यप समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों द्वारा मारपीट की गई।
मामले में रजनी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सौरभ ठाकुर द्वारा तहरीर दी गई है, सीसीटीवी कैमरो की जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।