विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नशा तस्करों से पुलिसकर्मियों ने ही कर दी चुगली, अलीगढ़ में सीओ की प्लानिंग रह गई धरी; आठ सस्पेंड

By Santosh Sharma Edited By: Prateek Gupta
Updated: Thu, 03 Sep 2026 09:59 AM (GMT+05:30)

अलीगढ़ में नशा तस्करों के खिलाफ सीओ इगलास की कार्रवाई की योजना आठ पुलिसकर्मियों ने लीक कर दी, जिससे तस्कर ...और पढ़ें

छापे की खबर लीक होने के बाद थाना गोरई में पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते सीओ।

छापे की खबर लीक होने के बाद थाना गोरई में पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते सीओ।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए देर रात सादा कपड़ों में निकले सीओ इगलास कमलेश कुमार के पहुंचने से पहले ही सूचना आरोपितों तक पहुंच गई। भेदिया कोई और नहीं इगलास और गोरई थाने के आठ पुलिस कर्मी थे।

इतना ही नहीं, सीओ इगलास का रास्ता रोकने के लिए तस्करों ने डंपर से सड़क पर मलबा गिरा दिया। करीब तीन घंटे तक गोरई-बेसवां मार्ग बाधित रहा। एसएसपी नीरज जादौन ने गोरई चौकी इंचार्ज समेत आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं

मंगलवार रात सीओ इगलास ने टीम के साथ गोरई क्षेत्र में तस्करों की घेराबंदी की योजना बनाई। कार्रवाई की भनक तस्करों को पहले ही लग गई और वे अपने ठिकानों से गायब हो गए। इसी दौरान सीओ का रास्ता रोकने के लिए एक डंपर को आगे कर दिया गया।

गोरई-बेसवां मार्ग पर डंपर चालक ने सड़क पर पूरा मलबा पलट दिया, जिससे पुलिस टीम का रास्ता बंद हो गया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। बाद में इगलास पुलिस की मदद से डंपर को कब्जे में लेकर चार आरोपितों को पकड़ा गया

पुलिस के मुताबिक, इनके मोबाइल फोन की जांच में निलंबित पुलिसकर्मियों के नंबरों से संपर्क सामने आया है। इन्हीं संपर्कों के जरिए तस्करों को पुलिस की गतिविधियों और सीओ के नेतृत्व में होने वाली कार्रवाई की जानकारी मिल रही थी।

ये पुलिस कर्मी हुए निलंबित

एसएसपी ने गोरई थाने के उपनिरीक्षक बटेश्वर सिंह और इगलास थाने के उपनिरीक्षक महिपाल सिंह के अलावा इगलास के आरक्षी हरिओम तथा गोरई के आरक्षी भगवान शंकर, विपिन कुमार, आकाश, जयपाल और मनीष को निलंबित किया है। पुलिस अब निलंबित कर्मचारियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है

दयानतपुर के पास हुई घटना

इस मामले में दो मुकदमा पंजीकृत किए गए हैं। गोरई थाने में दर्ज मुकदमा के अनुसार मंगलवार की रात पुलिस चेकिंग कर रही थी। रात करीब दो बजे कलिंजरी के आगे दयानतपुर के सामने मिट्टी से भरा डंपर दिखाई दिया। उसके पीछे दो मोटरसाइकिलें भी चल रही थीं। पुलिसकर्मियों ने टार्च और हाथ के इशारे से डंपर को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, डंपर के पीछे चल रही दोनों मोटरसाइकिलों पर पंकज चौधरी, मोहित कुमार, चंद्रेश चौधरी और जितेंद्र सवार थे। इन लोगों ने चालक गोविंदा को पुलिसकर्मियों पर डंपर चढ़ाकर मार डालने के लिए उकसाया। इसके बाद चालक ने डंपर अचानक पुलिस टीम की ओर मोड़ दिया।

खतरा भांपकर पुलिसकर्मी सड़क किनारे गड्ढे में कूद गए और बाल-बाल बच गए। पीछा करने के दौरान चालक ने डंपर में भरी मिट्टी सड़क पर फैला दी। चालक डंपर लेकर गौंड की ओर भाग गया, जबकि दोनों बाइक सवार भी डंपर की आड़ में फरार हो गए।

डंपर चालक गोविंदा निवासी बाजगढ़ी, थाना इगलास के अलावा पंकज चौधरी, मोहित कुमार, चंद्रेश चौधरी और जितेंद्र को नामजद किया गया है। दूसरा मुकदमा इगलास थाने में दर्ज हुआ। पुलिस के अनुसार, खनन माफिया के मिट्टी लेकर आने की सूचना पर टीम ने चेकिंग की थी।

आरोप है कि डंपर चालक ने पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने बाजगढ़ी निवासी प्रवीन कुमार व मोहित, करथला निवासी पंकज चौधरी और भूरंगा निवासी जितेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

जमालपुर में पकड़ी महिला से मिला था इनपुट

सिविल लाइन पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में जमालपुर निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला ने बताया कि इगलास के व्यक्ति से वह गांजा लाती है। महिला के बताए अनुसार इगलास के व्यक्ति को गिरफ्तार कर चार किलो गांजा बरामद किया है

उसने बताया कि उसका बाॅस तो चंद्रेश चौधरी है। जो गांजे का बड़ा तस्कर है। इगलास व आसपास के क्षेत्रों में वही गांजा की तस्करी कराता है। सीओ सिविल लाइन से मिले इनपुट के बाद ही सीओ इगलास ने मंगलवार की रात तस्करों को गिरफ्तारी का प्लान बनाया था, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उस पर पानी फेर दिया।