शीतलहर और घने कोहरे के बाद चटख धूप निकलने से मिली राहत, तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी
कड़ाके की सर्दी, शीतलहर और घने कोहरे के बाद शुक्रवार को चटख धूप निकलने से राहत मिली। शाम होते ही गलन बढ़ गई। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव के सहारे बैठे ...और पढ़ें

HighLights
सुबह घना कोहरा, दोपहर में खिली धूप से मिली राहत।
अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री, न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज।
मौसम विज्ञानी ने शीतलहर जारी रहने की संभावना जताई।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। कड़ाके की सर्दी, शीतलहर और घने कोहरे के बाद शुक्रवार को चटख धूप निकलने से राहत मिली। शाम होते ही गलन बढ़ गई। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव के सहारे बैठे रहे। अधिकतम तापमान में गुरुवार की अपेक्षा 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
शुक्रवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे लोग ठंड से ठिठुरते रहे। 10 बजे के बाद खिली धूप से लोगों ने राहत महसूस किया। मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोग छतों और खुले स्थानों पर धूप में बैठे रहे।
दैनिक कार्यों के लिए घरों से बाहर निकले। इससे बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई। मौसम में सुधार का असर खेती-किसानी पर भी दिखाई दिया। कोहरे और सर्दी के चलते धीमी पड़ी गन्ने की छिलाई में तेजी आई और किसान खेतों में पहुंचकर कार्यों में जुटे रहे।
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि 24 घंटे में कोहरा छाए रहने, औसत तापमान सामान्य से नीचे रहने एवं हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है। इससे अभी शीतलहर के प्रकोप से निजात मिलने की संभावना नहीं है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।