जमीन के टुकड़े के लिए सगे भाई का सौदा: 6 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या, 48 घंटे में पुलिस का बड़ा खुलासा
हसनपुर में जोगेंद्र की हत्या का 48 घंटे में खुलासा हो गया है, जिसमें बड़े भाई ऋषिपाल ने जमीन विवाद ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
48 घंटे में किया जोगेंद्र हत्याकांड का अनावरण, घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। छह लाख रुपये की सुपारी देने का लालच देकर बड़े भाई ऋषिपाल ने ही छोटे भाई जोगेंद्र की हत्या करा दी। आदमपुर पुलिस ने 48 घंटे में घटना का सफल अनावरण करते हुए चारों आरोपितों को गिरफतार कर घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की ली है। सगे भाई के द्वारा हत्या कराने की बात सुनकर लोग हैरान रह गए।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव कोकापुर की मढै़या निवासी किसान रूपराम ने थाने में सूचना देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनके बेटे जोगेंद्र कुमार को 11 सितंबर की रात आठ बजे बृजपाल, विष्णु व तेजपाल निवासी दरियापुर घर से बुलाकर ले गए थे तथा रात में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
अगले दिन सुबह शव ओगारपुर के जंगल में डाॅ. राजेंद्र नागर के नलकूप के पास पड़ा मिला था। घटना स्थल से प्राप्त साक्ष्यों, वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ गहनता पूर्वक विवेचना करते हुए विष्णु की नामजदी गलत पाई गई।
जांच में प्रकाश में आया कि मृतक के बड़े भाई ऋषिपाल ने आरोपित बृजपाल, वीरपाल व तेजपाल को छह लाख की सुपारी देने का लालच देकर हत्या कराई है।
बताया जा रहा है कि जोगेंद्र शराब पीने का आदी हो गया था। छोटा होने की वजह से पिता रूपराम उसी के साथ रहते थे। वह पिता पर जमीन बिकवाने के लिए दबाव बनाता था।
कई बार उसने भूमि बेचने की मांग पूरी न करने पर पिता के साथ मारपीट भी की थी। ऋषिपाल को डर था कि पिता ने छोटे भाई के कहने में भूमि बेचकर उसे पैसा दे दिया तो मेरा हिस्सा भी खत्म हो जाएगा। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि जोगेंद्र की हत्या का राजफाश कर आरोपितों का चालान कर दिया है।
मुकेश की हत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी तीन टीमें
कोतवाली क्षेत्र के गांव चक की मढै़या सतैड़ा निवासी मुकेश खड़गवंशी की हत्या में नामजद आरोपित सुखवीर की तलाश में पुलिस दबिश डाल रही है।
उधर पोस्टमार्टम के बाद मुकेश का शव रविवार देररात गांव पहुंचने पर लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं, गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया है। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने को गांव में पुलिस तैनात है।
पुलिस की तीन टीमें हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए लगी हुई हैं। मृतक का मोबाइल घटना स्थल के नजदीक ही टूटा हुआ मिला था। सीओ पंकज कुमार त्यागी का कहना है कि मुकेश की हत्या का जल्द राजफाश किया जाएगा।
