विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औरैया में दो मासूमों की गई जान, पानी भरे खेत में नहाते समय डूबने से मौत

Published: Tue, 29 Sep 2026 04:45 PM (IST)

औरैया के देईपुर गांव में खेत पर पानी भरे गड्ढे में नहाते समय दो बच्चे डूब गए। स्वजनों और ग्रामीणों ...और पढ़ें

आर्यन और कृष्णा की फाइल फोटो। स्वजन

आर्यन और कृष्णा की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. औरैया के देईपुर गांव में दो बच्चे पानी में डूबे

  2. खेत पर पानी भरे गड्ढे में नहाते समय हुई घटना

  3. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

संवाद सूत्र, ऐरवाकटरा (औरैया)। पानी भरे खेत में नहाते समय दो बच्चे डूब गए। दोनों के घर लौटने में देरी होने पर स्वजन उनकी तलाश में लगे थे। उनकी नजर खेत किनारे रखे उनके कपड़ों पर गई तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण पहुंचे और बच्चों को तलाशना शुरू कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को लगाया। टिल्लू पंप से पानी बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों के शव मिले। जिसे देख उनके स्वजन बेहाल हो गए। ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देईपुर गांव में यह घटना मंगलवार दोपहर करीब पौने तीन बजे हुई। सीओ बिधूना पी. पुनीत मिश्र व थानाध्यक्ष गंगादास गौतम समेत पुलिसकर्मी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

गांव देईपुर निवासी 10 वर्षीय आर्यन पुत्र राजीव और सात वर्षीय कृष्णा पुत्र अनिल खेतों पर गए थे। जहां बीते दिनों हुई बारिश के चलते गड्ढे व खेत में पानी भरा था। दोनों नहाने के लिए पानी में उतर गए। गहराई न समझ पाने की वजह से दोनों पानी में डूब गए। जब तक लोग दोनों को निकालने के लिए पहुंचे तब तक उनकी जान जा चुकी थी। फिलहाल, दोनों को बाहर निकालने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐरवाकटरा में लाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत बता दिया।

घटना पता लगने पर बिधूना एसडीएम कमल कुमार सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस से ली। उधर, आर्यन और कृष्णा की मौत पर उनके स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। पुलिस जांच के अनुसार पता लगा कि खेत के लगभग एक बीघा क्षेत्र की मिट्टी को निकाल कर ऊपर कर लिया गया था। जिसमें पानी भर दिया गया।

बीच के दिनों में लगातार हुई वर्षा से पानी ज्यादा हो गया था। खेत मालिक द्वारा पानी का प्रयोग वाहनों की धुलाई में किया जाता है। पुलिस ने बताया कि खेत मालिक का नाम राजू है। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की गई। उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता लग सकेगा। सीओ पी. पुनीत मिश्र ने बताया कि घटना की जानकारी पर टीम पहुंची थी। बच्चों का शव मिलने पर उनके स्वजन से घटना के बारे में जानकारी की गई।

यह भी पढ़ें- औरैया में बंबा के पानी में देखते ही देखते फैलने लगी आग, उठने लगी 15 फीट ऊंची लपटें, लोगों में दहशत

यह भी पढ़ें- कानपुर, औरैया सहित 4 जिलों के लिए खुशखबरी, ग्रामीण क्षेत्रों के 35 रूटों पर जल्द चलेगी सवारी वाहन, यहां देखें कौन-कौन से रूट