कहां अटकी राम मंदिर ट्रस्ट के CEO के चयन की फाइल? तीन नामों के पैनल पर 2 सितंबर को होगा फैसला
अयोध्या राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जिसमें 16 आवेदकों का साक्षात्कार पूरा हो चुका है।

HighLights
राम मंदिर सीईओ पद के लिए 16 आवेदकों का साक्षात्कार संपन्न।
चयन समिति 2 सितंबर से पहले ट्रस्ट को 3 नाम सौंपेगी।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अंतिम सीईओ पर मुहर लगाएगा।
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए योग्य मिले 16 आवेदकों का अंतिम साक्षात्कार भले पूरा हो गया, लेकिन अभी सीईओ के नाम काे लेकर रहस्य बना हुआ है।
वैसे तो यह नाम दो सितंबर को सबके सामने आएगा, जब बैठक में ट्रस्टी विचारोपरांत किसी एक नाम पर एकमत हो जाएंगे। इससे पहले चयन समिति के तीनों सदस्यों काे भी किन्हीं तीन नामों पर समविचारी होना होगा।
दरअसल, अंतिम साक्षात्कार पूरा होने के बाद भी अभी समिति के तीनों सदस्य साक्षात्कार देने वाले किन्हीं तीन आवेदकों को चयनित नहीं कर सके हैं। इसके लिए इनके बीच शीघ्र ही गहन विचार-विमर्श होगा।
समिति के एक सदस्य ने बताया कि आपस में सहमति बनने के उपरांत ट्रस्ट को तीन नामों का पैनल सौंपा जाएगा, लेकिन इसे दो सितंबर के पहले दिया जाएगा। ये तीन नाम भिन्न श्रेणियों के होने की संभावना है।
ट्रस्ट ने लिया सीईओ बनाने का निर्णय
चढ़ावा चोरी सामने आने के बाद से विषम परिस्थितियों का सामना कर रहे श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गत छह जुलाई की बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं के कुशल संचालन के लिए एक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति करने का निर्णय लिया था।
इसके लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली की अगुवाई में तीन सदस्यीय चयन समिति भी बनाई थी, जिसमें सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी व प्रख्यात परमाणु विज्ञानी डा. सुरेश हावरे को सदस्य बनाया गया।
इस समिति ने 13 जुलाई को आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए। भिन्न-भिन्न क्षेत्रों के कुल 5585 आवेदकों के सामने आने के बाद समिति ने सबसे विस्तृत बायोडाटा मांगा। इसमें 3877 लोग सामने आ गए तो इनमें से भी कुशल लोगों का चयन किया गया।
सर्वोत्कृष्ट 16 आवेदकों को अंतिम साक्षात्कार
द्वितीय चरण में 1580 आवेदकों के आवेदनों की गहनता से जांच करके 111 लोगों से आनलाइन साक्षात्कार लिया गया। इसके बाद चयन के तृतीय चरण में समिति ने सर्वोत्कृष्ट 16 आवेदकों को अंतिम साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाया था।
गत मंगलवार व बुधवार को इसकी प्रक्रिया भी समिति ने पूरी कर ली है। अब इनमें से भी समिति को तीन सर्वोत्तम आवेदकों का चयन करके ट्रस्ट को सौंपना है। साक्षात्कार पूरा होने के बाद समिति के तीनों सदस्य अपने गंतव्य को प्रस्थान कर गए हैं।
चयन समिति के एक सदस्य ने दूरभाष पर बताया कि अभी तीन नामों का पैनल तय नहीं किया गया है। इस संबंध में शीघ्र ही आपस में विचार-विमर्श किया जाएगा।
तीनों सदस्यों के किन्हीं तीन नामों पर एक मत होने के बाद ही पैनल तैयार करके दो सितंबर के पहले इसे ट्रस्ट को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद ट्रस्ट अंतिम चयन करेगा। उन्होंने बताया कि पैनल में प्रयास यह होगा कि तीनों नाम अलग-अलग श्रेणियों के रहें।
दरअसल, साक्षात्कार देने वालों में पूर्व आईएएस, पूर्व आईपीएस व सैन्य सेवा से अवकाश प्राप्त हुए लोगों के अलावा अन्य क्षेत्रों में कार्यरत रहे लोग भी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सुप्रीम कोर्ट का SIT को निर्देश, जल्द जांच पूरी कर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा
यह भी पढ़ें- अयोध्या राम मंदिर में आज से शुरू होगा रामलला का झूला विहार, निकलेगी भव्य पालकी यात्रा
