यूपी चुनाव से पहले स्कूलों में गूंजेगा मतदान का संदेश, बलिया के पांच विद्यालयों को जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बलिया में मतदाता जागरूकता अभियान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिक्षा विभाग ने जनपद के 26 माध्यमिक विद्यालयों को चिह्नित किया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
2027 विधानसभा चुनाव के लिए बलिया में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू।
शिक्षा विभाग ने 26 माध्यमिक विद्यालयों को अभियान हेतु चिन्हित किया।
छात्र नाटक, सामूहिक नृत्य, जागरूकता गीत से मतदान हेतु प्रेरित करेंगे।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिक्षा विभाग की ओर से जनपद के 26 माध्यमिक विद्यालयों को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए चिन्हित किया गया है। इसमें सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के पांच विद्यालय शामिल हैं।
इन विद्यालयों में विद्यार्थी नाटक, सामूहिक नृत्य और जागरूकता गीत के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे।जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने आठ सितंबर को संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर कार्यक्रम की तैयारी शुरू कराने का निर्देश दिया है।
प्रत्येक विद्यालय में कम से कम एक नाटक, एक सामूहिक नृत्य और एक जागरूकता गीत तैयार कराया जाना है। विद्यालयों में तैनात कला एवं संगीत के शिक्षकों को भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता के लिए निर्देशित किया गया है।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से मतदान के महत्व और लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका को प्रभावी ढंग से सामने लाया जाएगा।जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की टीम अक्टूबर माह में चयनित विद्यालयों का भ्रमण करेगी। इस दौरान विद्यार्थियों की ओर से तैयार की गई प्रस्तुतियों का अवलोकन किया जाएगा।
जनपद स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पाई जाने वाली तीन प्रस्तुतियों को सम्मान एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इससे विद्यालयों में बेहतर प्रस्तुति तैयार करने को लेकर तैयारी तेज होने की उम्मीद है।
अभियान के तहत विद्यार्थियों के माध्यम से सभी वयस्कों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने, निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने तथा योग्य उम्मीदवार का चयन करने के लिए जागरूक किया जाएगा। विद्यालयों में होने वाली गतिविधियों का उद्देश्य मतदान को लेकर लोगों में जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना पैदा करना है।
जनपद के 26 चयनित विद्यालयों में सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र से वंशी बाजार इंटर कॉलेज नवानगर, जनता इंटर कॉलेज नवानगर, गांधी इंटर कॉलेज सिकंदरपुर, जयप्रभा बालिका इंटर कॉलेज तिलौली और हरिवंश बाबा इंटर कॉलेज पूर शामिल हैं।
शिक्षा विभाग की इस पहल से चुनाव से पहले विद्यालयों के विद्यार्थी भी मतदाता जागरूकता अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी बनेंगे। नाटक, गीत और नृत्य के माध्यम से मतदान का संदेश विद्यालय से निकलकर परिवार और समाज तक पहुंचाने की तैयारी है।
