बलिया में मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही, तीन बीएलओ को नोटिस जारी
बलिया में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही सामने आई है। प्रशासन ने तीन अनुपस्थित बीएलओ को नोटिस जारी किया और शून्य पंजीकरण वाले 39 बीएलओ का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही, तीन बीएलओ को नोटिस।
HighLights
विशेष तिथि पर तीन बीएलओ बूथों से अनुपस्थित मिले।
39 बीएलओ ने फार्म-6 से एक भी नया मतदाता नहीं जोड़ा।
अनुपस्थित बीएलओ को नोटिस, शून्य प्रगति वालों का वेतन कटेगा।
जागरण संवाददाता, बेल्थरारोड (बलिया)। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। 21 नवंबर को विशेष तिथि पर बूथों के निरीक्षण में तीन बीएलओ अनुपस्थित मिले। वहीं, 39 बीएलओ के बूथों पर फार्म-6 के जरिए एक भी नया मतदाता पंजीकृत नहीं हुआ।
तीनों अनुपस्थित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। शून्य प्रगति वाले 39 बीएलओ का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया है। उपजिलाधिकारी शरद चौधरी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पुनरीक्षण कार्य कराया जा रहा है।
पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना आयोग की प्राथमिकता है। विशेष तिथियों पर बीएलओ को बूथों पर मौजूद रहकर आवेदन लेने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने सभी बीएलओ को अभियान गंभीरता से लेने और अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।