बरेली: भागवत सुनकर लौट रहे प्लाईवुड कर्मी की पांच दिन बाद इलाज के दौरान मौत, रंजिश में आंख पर मारी थी गोली
बरेली में भागवत सुनकर लौट रहे प्लाईवुड कर्मी संतोष को रंजिश के चलते गोली मारी गई थी। पांच दिन के ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
पांच दिन से अस्पताल में चल रहा था इलाज
जागरण संवाददाता, बरेली। सीबीगंज के मथुरा पुर में भागवत कथा सुनकर लौट रहे प्लाईवुड फैक्ट्री कर्मचारी संतोष को सिर में गोली मार दी गई थी। संतोष का राममूर्ति मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा था। मंगलवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले में छह आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज है, जिसमें हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लिया है।
संतोष पर शुक्रवार रात गांव में दुर्गा माता मंदिर के पास पहुंचते ही ललित कुमार ने तमंचे से माथे पर गोली मार दी थी। गोली आंख पर लगी थी। ऑपरेशन के बाद गोली निकाल दी गई थी।
इसके बावजूद हालत गंभीर बनी हुई थी। मंगलवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के मुताबिक, संतोष की पत्नी जावित्री ने करीब एक वर्ष पहले ललित के विरुद्ध बेटे दिव्यांश की ईंट से उंगली कुचलने का मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप है कि ललित मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन जावित्री समझौता करने को तैयार नहीं थी। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश होने की बात सामने आई है।
जावित्री की तहरीर पर पुलिस ने ललित कुमार, रोहतास, महेंद्र पाल, मदनलाल, करन और विनोद कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
