बिजनौर: एक गुलदार सात फीट गहरी हौज में गिरा तो दूसरा पिंजरे में हो गया कैद
Bijnor News: बिजनौर में गुलदारों से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। एक गुलदार सात फीट गहरे हौज में ...और पढ़ें

HighLights
ग्राम सबलपुर बीतरा में गुलदार सरकारी नलकूप की हौज में गिरा।
गांव नरगदी नवादा में खेत में लगे पिंजरे में कैद हो गया गुलदार।
जागरण टीम, बिजनौर। जिले में दो स्थानों पर गुलदारों से संबंधित मामले प्रकाश में आए हैं। एक गुलदार सरकारी नलकूप की करीब सात फीट गहरी हौज में गिर गया। हौज में गुलदार को देखकर ग्रामीणों में हलचल मच गई। उधर, धामपुर तहसील क्षेत्र के ब्लाक आकू के गांव नरगदी नवादा में एक खेत में लगे पिंजरे में गुरुवार तड़के गुलदार कैद हो गया।
सबलपुर बीतरा में गुलदार हौज में गिरा
नांगल सोती। क्षेत्र के ग्राम सबलपुर बीतरा में एक गुलदार सरकारी नलकूप की करीब सात फीट गहरी हौज में गिर गया। हौज में गुलदार को देखकर ग्रामीणों में हलचल मच गई।
गुरुवार को ग्रामीणों ने सरकारी नलकूप की हौज में एक गुलदार को पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और सामाजिक वानिकी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दरोगा विकास कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक जाल डालकर गुलदार को बाहर निकाला। गुलदार करीब एक वर्ष का नर बताया जा रहा है। नर्सरी में उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया
पहले भी सामने आ चुकी हैं गुलदार की घटनाएं
नांगलसोती क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 31 अगस्त को सोफतपुर गांव में वन विभाग के पिंजरे में गुलदार पकड़ा गया था। वहीं, 12 सितंबर को गौसपुर गांव की पशुशाला में घुसे गुलदार ने एक कटिया पर हमला कर दिया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों की चिंता बढ़ी हुई है। खेतों में काम करने, पशुओं की देखभाल करने और गांव के रास्तों से गुजरने के दौरान लोगों को सतर्क रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों अरुण कुमार, ऋषिपाल, फूल सिंह, दिनेश कुमार आदि ने वन विभाग से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाए मांग की है।
खेत में लगे पिंजरे में कैद हुआ गुलदार
धामपुर तहसील क्षेत्र के ब्लाक आकू के गांव नरगदी नवादा में एक खेत में लगे पिंजरे में गुरुवार तड़के गुलदार कैद हो गया। सुबह खेतों पर जा रहे ग्रामीणों ने गुलदार को देख वन विभाग को सूचना दी। धामपुर रेंज कार्यालय से पहुंची टीम गुलदार को रेंज कार्यालय ले जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक तीन दिन पहले खेत पर काम करते समय ग्रामीणों के सामने गुलदार आ गया था, जिसके बाद किसान राकेश के खेत में पिंजरा लगाया गया था।