दिल्ली-हावड़ा रूट के खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आज रद रहेंगी 12 पैसेंजर ट्रेनें
दिल्ली में आंदोलन और सुरक्षा कारणों से रेलवे ने दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार को 12 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया है।

प्रतीकात्मक फाेटो
HighLights
एक्सप्रेस ट्रेनें निर्धारित समय सारणी के अनुसार संचालित होंगी।
खुर्जा जंक्शन सहित दैनिक यात्रियों को बड़ी परेशानी होगी।
संवाद सहयोगी, खुर्जा (बुलंदशहर)। दिल्ली में होने वाले सीजेपी के प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने शनिवार को 12 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रद किया है। जिसके चलते दैनिक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पैसेंजर ट्रेनों के रद रहने को लेकर स्टेशन पर एनाउंसमेंट भी कराया गया है।
दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के खुर्जा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अप-डाउन में करीब 12 पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है। जिनके जरिए प्रतिदिन दिल्ली-एनसीआर काफी संख्या में दैनिक यात्री सफर करते हैं। रेलवे द्वारा दिल्ली क्षेत्र में संभावित आंदोलन के कारण शनिवार यानि आज पैसेंजर ट्रेनों का संचालन रद किया गया है। हालांकि लंबे रूट पर चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय सारणी के अनुसार ही संचालित होंगी।
रद रहने वाली ट्रेनों में अलीगढ़-दिल्ली, खुर्जा-शकूरबस्ती, हाथरस-दिल्ली, अलीगढ़-दिल्ली, टूंडला-दिल्ली, अलीगढ़-नई दिल्ली, दादरी-शकूरबस्ती, दादरी-दिल्ली, खुर्जा-गाजियाबाद, आगरा-गाजियाबाद, कोसीकला-गाजियाबाद आदि ट्रेनें शामिल हैं। दैनिक यात्रियों को जानकारी हो सके। इसके लिए जंक्शन स्टेशन पर नोटिस भी चस्पा किया गया है और एनाउंसमेंट भी कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- नमो भारत के यात्री ध्यान दें... CJP प्रदर्शन के चलते सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन आज रात से बंद
डाकघर में आधार बनवाने के लिए 12 घंटे खुलेंगे काउंटर
बुलंदशहर (वि.): डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इसमें डाक विभाग उपभोक्ताओं को सुविधा दे रहा है। आम लोगों को यह सुविधा प्रधान डाकघर के साथ उप डाकघर पर भी मिलेंगी।
डाक अधीक्षक रंजीत अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह का शुक्रवार से शुभारंभ हो गया है। यह सप्ताह 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें विभिन्न जनसुविधाओं से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रधान डाकघर और उप डाकघरों में आधार काउंटर लगातार 12 घंटे तक संचालित रहेंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आधार किट का अधिकतम उपयोग करते हुए अधिक से अधिक लोगों को समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराना है। अभियान में डाक कर्मियों और शाखाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दिया जाएगा।
प्रतिदिन प्रति-किट के आधार पर सर्वाधिक आधार बनाने व अपडेट करने वाले कर्मचारियों और इकाइयों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान देकर पुरस्कृत किया जाएगा। डाकघरों, प्रशासनिक कार्यालयों और डाक परिचालन केंद्रों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
