बुलंदशहर: गड्ढे में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत, पुलिस काे पैर फिसलने का अंदेशा
बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र में दो चचेरी बहनें खेलते समय लापता हो गईं। रात भर खोजने के बाद, रविवार सुबह उनके शव एक गड्ढे में मिले। पुलिस को आशंका है कि खेलते समय पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है।

मृतक बच्चियों के फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। डिबाई के देवीनगला गांव में दो चचेरी बहनों की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। दोनों बहनें शनिवार की दोपहर लगभग दो बजे से गायब थीं। स्वजन दोपहर से ही पुलिस के साथ दोनों की तलाश कर रहे थे। दोनों के शव रविवार की सुबह पुलिस को गड्ढे में मिले। दोनों शवों को पुलिस ने गोताखोर की मदद बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कल से लापता थीं दोनों
देवीनंगला नंबर एक निवासी ओमवीर और मुकेश पुत्रगण धर्मपाल सिंह का एक ही पास मकान है। दोनों मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। इसलिए दोनों के बच्चे साथ साथ रहते है। पीड़ित मुकेश कुमार ने बताया कि शनिवार की दोपहर उनकी पांच वर्षीय बेटी डिम्पल और सात वर्षीय भतीजी ज्योति खेलते खेलते अचानक गायब हो गई। देर शाम जानकारी होने पर स्वजनों ने दोनों को तलाश किया, लेकिन जानकारी नहीं हो पाई। इसके बाद स्वजन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस भी कर रही थी तलाश
सूचना मिलने के बाद पुलिस पूरी रात दोनों को तलाशती रही। रविवार की सुबह दोनों के शव गांव समीप भट्टे पर एक दस फुट गहरे गड्ढे में पड़े मिले। दोनों गांव के प्राथमिक विद्यालय में पड़ती थीं। एकाएक हुई इस घटना से स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि दोनों मासूम किशोरियां खेलने के दौरान गड्ढे में फिसल गई, दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए है। अन्य सभी पहलुओं पर जांच चल रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।