Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार का रण जीतने को देवरिया के सियासी दिग्गज भी लगा रहे दम, राज्य में कर रहे धुआंधार प्रचार

    Updated: Sun, 02 Nov 2025 07:56 AM (IST)

    बिहार विधानसभा चुनाव में देवरिया के नेता भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। भाजपा, कांग्रेस और सपा के नेता बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर अपनी-अपनी पार्टियों के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं। भाजपा के सूर्य प्रताप शाही और विजय लक्ष्मी गौतम जैसे नेता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। 

    Hero Image

    सुधांशु त्रिपाठी, देवरिया। बिहार विधानसभा चुनाव में जीत का परचम लहराने के लिए जनपद के नेताओं ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। चाहे सत्तारूढ़ दल हो या विपक्षी गठबंधन, हर खेमे के नेता बिहार की चुनावी रणभूमि में पसीना बहा रहे हैं। एक पखवारे से जिले के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों भाजपा, सपा और कांग्रेस के सिपहसलार बिहार के अलग-अलग जिलों में डेरा डाले हुए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एनडीए व महागठबंधन दोनों की तरफ से नेता जनसभाओं, नुक्कड़ सभाओं, जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने में जुटे हैं। बिहार विधानसभा का यह चुनावी महासमर जिले के नेताओं की राजनीतिक कौशल का इम्तिहान भी लेगा।

    भाजपा के वरिष्ठ नेता व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) प्रत्याशियों के लिए चुनावी अभियानों का नेतृत्व कर रहे हैं। वह बिहार के लौरिया, बगहा में चुनाव प्रचार में जुटे हैं। राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम पश्चिमी चंपारण जिले के नरकटियागंज में चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं। विधायक डा. शलभ मणि त्रिपाठी जमुई संसदीय क्षेत्र के प्रभारी के तौर पर जमुई, तारापुर, शेखपुरा, झाझा, सिकंदरा, चकाई विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार में लगे हैं।

    इसमें तारापुर जैसी हाईप्रोफाइल सीट भी है, जहां से बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की प्रतिष्ठा दांव पर है। रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया आरा, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर सिवान, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद दरौंदा विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे है। यह सभी नेता न केवल अपने भाषणों से माहौल बना रहे हैं, बल्कि बूथस्तर पर संगठन को सक्रिय करने का कार्य भी देख रहे हैं।

    महागठबंधन प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में कांग्रेस व सपा नेताओं की सक्रियता बढ़ गई हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल रोशन, पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि, रामजी गिरि व धर्मेंद्र सिंह, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय, पुरुषोत्तम नारायण सिंह बिहार के सीमावर्ती जिलों में महागठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। ये नेता घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित कर रहे हैं।

    केंद्र व बिहार राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाकर जनता को साधने की कोशिश कर रहे हैं। सपा भी राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशियों के पक्ष में मजबूती से प्रचार कर रही हैं। सपा सांसद रमाशंकर राजभर, पार्टी नेता धर्मेंद्र सिंह सोलंकी जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

    सपा की पूर्व विधायक गजाला लारी को महराजगंज विस के राजद प्रत्याशी विकास जायसवाल के चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी मिली है। भाटपाररानी के पूर्व विधायक आशुतोष उपाध्याय बबलू को सिवान के रघुनाथपुर के राजद प्रत्याशी ओसामा शाहाब व सिवान के राजद प्रत्याशी अवध बिहारी यादव, गोरया कोठी के अनवारूल हक के चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है।

    इसके अलावा तीन नवंबर को रघुनाथपुर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुनावी जनसभा को सफल बनाने की जिम्मेदारी मिली है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जिले का बिहार से सामाजिक व भौगोलिक जुड़ाव पुराना है। बड़ी संख्या में लोग रोजगार व रिश्तेदारी के कारण दोनों राज्यों के बीच आते-जाते हैं। यही वजह है कि बिहार के चुनाव में जिले के नेताओं की उपस्थिति हमेशा प्रभावशाली रही है।