विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सवालों से घबराने वाले लोकतंत्र को कैसे मजबूत करेंगे', इटावा में अखिलेश का भाजपा पर तंज

Updated: Fri, 28 Aug 2026 02:12 PM (IST)

अखिलेश यादव ने भाजपा और आरएसएस पर लोकतंत्र, शिक्षा, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ...और पढ़ें

HighLights

  1. लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए सवालों का सामना जरूरी।

  2. शिक्षा को बढ़ावा न देने की मानसिकता पर उठाए सवाल।

  3. महंगाई और किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरा।

जागरण संवाददाता, इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग सवालों से घबराते हैं, वे लोकतंत्र को मजबूत नहीं कर सकते।

गरीब का बच्चा पढ़ेगा तो सवाल करेगा और अपने अधिकारों को समझेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा को बढ़ावा न देने के पीछे यही मानसिकता है। ऐसे लोग अंडरग्राउंड, अनरजिस्टर्ड हैं, इनसे क्या उम्मीद की जा सकती है।

रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को सैफई में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि सैफई और लखनऊ में नए प्राथमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनाने का निर्णय हुआ था, क्योंकि पुराने विद्यालयों की हालत ठीक नहीं थी।

जो विद्यालय बनने शुरू हुए थे, उनकी स्थिति भी खराब कर दी गई। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही अच्छे-बुरे का अंतर समझकर सवाल करता है। जो सवालों से घबराएगा, वह लोकतंत्र को कैसे मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि देश के सामने सबसे बड़ा संकट भारतीय जनता पार्टी है। भाजपा हटेगी तो कई संकट खत्म हो जाएंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की अपील की।

रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह बहनों की रक्षा के संकल्प का पर्व है। आज महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का भी संकल्प लेना चाहिए। पीडीए में आधी आबादी महिलाओं की है। आने वाली समाजवादी सरकार में महिलाओं के हित और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिए जाएंगे।

महंगाई पर सरकार को घेरा

महंगाई पर उन्होंने कहा कि त्योहार आते ही जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ जाते हैं। चीनी, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरत का सामान महंगा होने से लोगों की खरीदारी प्रभावित हुई है और त्योहारों की रौनक फीकी पड़ गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों को मुनाफा कमाने की खुली छूट दे रही है। उन्होंने सवाल किया कि महंगी चीनी और पेट्रोल से होने वाला मुनाफा किसके पास जा रहा है। कहीं इसी मुनाफे में चंदे का हिस्सा तो नहीं है।

किसानों की समस्याओं पर अखिलेश यादव ने कहा कि पहले बोरी से खाद चोरी होती थी, अब पूरी बोरी ही गायब हो गई। किसान को जरूरत के समय खाद नहीं मिल रही है और मक्का, आलू समेत कई फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। लागत बढ़ने के बावजूद किसान को लाभ नहीं हो रहा है।

उन्होंने बड़े उद्योग समूहों के साथ सरकार के समझौतों पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध के बाद भले ही वे लागू नहीं हो सके, लेकिन उसी दिशा में दूसरे रास्तों से काम किया जा रहा है। इससे खेती किसान के हाथ से निकलने का खतरा है।

नेपाल की आपदा पर जताया दुख

नेपाल में हुई प्राकृतिक आपदा पर अखिलेश यादव ने दुख जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की वैज्ञानिक और तकनीकी माध्यमों से समय रहते जानकारी मिलनी चाहिए।

उपग्रह जैसी आधुनिक तकनीक का बेहतर इस्तेमाल किया जाए तो जनहानि कम की जा सकती है। सरकार को आपदा से निपटने के लिए पहले से तैयार रहना चाहिए। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए भारत सरकार से नेपाल को हरसंभव मदद देने की अपील की।

चाचा रामगोपाल यादव के आवास पहुंचे अखिलेश, लिया आशीर्वाद

सैफई : रक्षाबंधन के पर्व पर सपा मुखिया अखिलेश यादव शुक्रवार सुबह चाचा एवं पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के आवास पर पहुंचे। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रो. रामगोपाल यादव का आशीर्वाद लिया। दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक मुलाकात हुई। इसके बाद अखिलेश यादव सपा कार्यालय पहुंचे। उनके साथ प्रो. रामगोपाल यादव भी पार्टी कार्यालय पहुंचे।

यह भी पढ़ें- इटावा में मोबाइल छीनने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली