पूंछ कटने के बाद नहीं बच सकी शेरनी राधिका, इटावा सफारी में डेढ़ महीने के संघर्ष के बाद तोड़ा दम
इटावा सफारी पार्क में 10 वर्षीय शेरनी राधिका की पूंछ में लगी गंभीर चोट और सर्जरी के बाद स्वास्थ्य समस्याओं ...और पढ़ें

सफारी पार्क में पूंछ काटे जाने के बाद अपने बाड़े में शेरनी राधिका। (तस्वीर- फाइल)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा सफारी पार्क में 10 साल की शेरनी राधिका की सोमवार सुबह साढ़े चार बजे मौत हो गई।
पिछले करीब डेढ़ महीने से वह पूंछ में लगी गंभीर चोट और उसके बाद हुई सर्जरी के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थी। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
राधिका को वर्ष 2019 में गुजरात के जूनागढ़ स्थित सकरबाग जूलाजिकल पार्क से इटावा सफारी पार्क लाया गया था। नौ जुलाई को सफारी के अंदर शेरनियों के बीच आपसी संघर्ष के दौरान नीरजा ने राधिका की पूंछ को काट लिया था। हमले में पूंछ बुरी तरह जख्मी हो गई थी।
इसके बाद घायल हिस्से में संक्रमण का खतरा बढ़ गया। राधिका चोटिल पूंछ को बार-बार चबाने और उस पर चोट करने लगी थी। स्थिति गंभीर होने पर विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की सलाह से उसका आपरेशन किया गया। चिकित्सकों ने संक्रमण को शरीर में फैलने से रोकने के लिए पूंछ के क्षतिग्रस्त हिस्से को शल्यक्रिया के जरिए अलग कर दिया था।
डेढ़ महीने से चल रहा था इलाज
उस समय विशेषज्ञों ने उपचार के बाद उसके स्वस्थ होने की उम्मीद जताई थी। आपरेशन के बाद राधिका की हालत में लगातार उतार-चढ़ाव बना रहा।
पिछले दिनों उसने मीट खाना लगभग बंद कर दिया था और केवल पानी तथा थोड़ा चिकन सूप ले रही थी। पर्याप्त पोषण नहीं मिलने के कारण उसका शरीर कमजोर होता चला गया। सफारी के वन्यजीव चिकित्सक और कीपर लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे। अब राधिका की मौत के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
