फिरोजाबाद डीएम की अनूठी पहल, Gen Z छात्रों के करियर मार्गदर्शन के लिए बनाया यू-ट्यूब चैनल
फिरोजाबाद डीएम ने जेन जी के करियर मार्गदर्शन के लिए 'फिरोजाबाद सुशासन' नाम से एक यू-ट्यूब चैनल शुरू किया है। उन्होंने टूंडला के एक कॉलेज में शिक्षक की भूमिका निभाते हुए 85 से अधिक कॉलेजों के छात्रों से संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टूंडला में मंगलवार को छात्राओं से संवाद करते डीएम संतोष कुमार शर्मा : जागरण
HighLights
डीएम ने जेन जी करियर काउंसलिंग को यू-ट्यूब चैनल बनाया
टूंडला कॉलेज में शिक्षक बन छात्रों से सीधा संवाद किया
छात्रों को करियर के बेहतर अवसर तलाशने को प्रेरित किया
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। जेन जी की करियर काउंसलिंग के लिए डीएम ने अनूठी पहल की है। उन्होंने फिरोजाबाद सुशासन के नाम से यू-ट्यूब चैनल बनाया है। इससे छात्र-छात्राओं को हर तरह की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। मंगलवार को इसकी शुरूआत करते हुए डीएम ने टूंडला के पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज में शिक्षक की भूमिका निभाई।
इस दौरान 85 से अधिक कालेजों के छात्र-छात्राएं गूगल मीट पर उनसे जुड़े और अपनी जिज्ञासाएं सामने रखीं। डीएम ने सभी के जवाब दिए। इसका वीडियो चैनल पर अपलोड किया जाएगा।
पहले दिन गूगल मीट पर 85 से अधिक कालेजों के छात्र-छात्राओं से किया संवाद
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को करियर के बेहतर अवसर तलाशने, सही दिशा चुनने तथा जीवन में निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित करना है। अधिकारी अपने व्यक्तिगत अनुभवों, प्रशासनिक बारीकियों और सफलता के मंत्रों से युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। जिससे युवा सभी प्रकार के भ्रम से मुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ सकें।
इसी कड़ी में मंगलवार दोपहर 1.15 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टूंडला में जाकर छात्राओं के साथ संवाद किया। उन्हें पढ़ाई के प्रभावी तरीके, समय प्रबंधन, सही रोल माडल का चयन और अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त के बारे में विस्तार से बताया।
यह भी पढ़ें- बीहड़ बना नया टूरिस्ट स्पॉट: डकैतों का नहीं अब पर्यटकों का बसेरा, रोमांच और एडवेंचर का नया सेंटर चंबल सेंक्चुरी
पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टूंडला में शिक्षक की भूमिका में दिखे डीएम
छात्राओं ने भी प्रश्न पूछे। छात्रा वंदना ने पूछा कि वह सिविल सर्विसेज में जाना चाहती है तो उसे क्या करना चाहिए। इस पर बताया गया कि अपनी रुचि के अनुसार विषय का चुनाव करें और पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य प्राप्ति में जुट जाएं। अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनके लक्ष्य प्राप्ति में सहयोग करें। प्रधानाचार्य रंजना सहाय उपस्थित रहीं।
यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी में ED का छापा: आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट के अर्श से फर्श तक की कहानी
खिल उठे छात्राओं के चेहरे
डीएम को शिक्षक की भूमिका में देख छात्राओं के चेहरे खिल गए। डीएम के सरल अंदाज ने छात्राओं काे प्रभावित किया। डीएम ने ब्लैकबोर्ड पर लिखकर एक-एक क्षेत्र की बारीकियां समझाईं। उन्होंने छात्राओं की झिझक मिटाते हुए कहा कि सपना कोई भी छोटा नहीं होता, बस उसे पूरा करने की जिद और सही दिशा होनी चाहिए।
इस दौरान यतेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार बृजराज सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी ज्योति पाठक, प्रेमपाल सिंह, संगीता तोमर, शिवांगी लवानियां, कविता गौतम, अर्चना यादव, स्वाति सिंह, प्रिया शर्मा आदि उपस्थित रहे।
