फिरोजाबाद में जीएनएम छात्रा की मौत की गुत्थी सुलझी, प्रेमी के शादी से इन्कार करने पर आत्महत्या
फिरोजाबाद में जीएनएम छात्रा की मौत का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने कॉलेज संचालक और उनके बेटे को क्लीन ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। नर्सिंग कालेज के हास्टल में रह जीएनएम की पढ़ाई कर रही मैनपुरी की छात्रा की मृत्यु मामले में पुलिस ने कालेज संचालक और उनके बेटे को क्लीन चिट दे दी है। वहीं छात्रा के सिरसागंज निवासी प्रेमी को गिरफ्तार कर उसे आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में जेल भेजा है।
मैनपुरी के औंछा क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय छात्रा मटसेना क्षेत्र स्थित फिरोजाबाद कालेज आफ नर्सिंग में जीएनएम के प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह कालेज के हास्टल में रहती थी। 28 अक्टूबर की रात उसका शव कालेज के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। भाई ने कालेज संचालक सुरेश चंद्र दक्ष एवं निदेशक बेटे यश दक्ष के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास और हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार दोपहर बताया कि छात्रा हास्टल में अपनी दो सहेलियों के साथ रहती थी। घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच, सहेलियों से पूछताछ, मोबाइल में वाट्सअप चैट व अन्य साक्ष्य संकलन के आधार पर पता चला कि छात्रा के सिरसागंज के सराय शेख निवासी अमन से प्रेम प्रसंग था।
दो वर्षों से उनके बीच बातचीत हो रही थी। 27 अक्टूबर की रात 8.30 बजे अमन ने छात्रा के मोबाइल नंबर को ब्लाक कर दिया। इसके बाद छात्रा ने अमन की बहन और अपनी एक सहेली के माध्यम से उससे बात करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे आहत होकर वह हास्टल से निकली और दीवार फांद कर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। वहां ट्रेन के सामने खड़े होकर आत्महत्या कर ली।
हास्टल से अकेले निकलते और दीवार फांदते के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। सीओ तेजस त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में आरोपित कालेज संचालक पिता-पुत्र की किसी तरह की भूमिका नहीं मिली है। पूछताछ में अमन ने बताया कि छात्रा उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी।
इसलिए उसने नंबर ब्लाक किया था। उसे आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में सोमवार रात 10 बजे के बाद दतावली अंडरपास से गिरफ्तार किया गया। मंगलवार सुबह उसे जेल भेज दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।