'अपने घर का सपना हुआ पूरा', गाजियाबाद में मधुबन-बापूधाम योजना के 109 भूखंडों का ई-लॉटरी से आवंटन
गाजियाबाद की मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में 109 भूखंडों का आवंटन कंप्यूटरीकृत ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। 16,436 पात्र आवेदकों में से सफल रहे लोगों को अपने घर का सपना पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम मिला।
-1787224914122_m.webp)
मधुबन-बापूधाम योजना के 109 भूखंडों का ई-लॉटरी से आवंटन। AI जनरेटेड
HighLights
मधुबन-बापूधाम योजना में 109 आवासीय भूखंडों का आवंटन हुआ।
16,436 पात्र आवेदकों में से सफल रहे 109 को मिला घर।
ई-लॉटरी का लाइव प्रसारण कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। गाजियाबाद में मधुबन-बापूधाम आवासीय योजना में अपने घर का सपना संजोए हजारों आवेदकों में से 109 की उम्मीद बुधवार को हकीकत में बदल गई।
प्राधिकरण की ओर से हिंदी भवन सभागार में 109 आवासीय भूखंडों की कंप्यूटरीकृत ई-लॉटरी कराई गई। चार श्रेणियों के इन भूखंडों के लिए कुल 16,478 आवेदन प्राप्त हुए थे।
जांच के बाद 16,436 आवेदन पात्र पाए गए। सीमित भूखंडों के लिए पात्र आवेदकों के बीच सॉफ्टवेयर के माध्यम से लॉटरी कराई गई।
बुधवार सुबह 11.30 बजे से ई-लॉटरी ड्रा आरंभ किया गया। इस दौरान सर्वर डाउन होने के कारण लोगों ने ई-लॉटरी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। हालांकि इस दौरान काफी तर्क-वितर्क और सर्वर प्रोसेस डाउन होने के बाद संबंधित अधिकारियों व इंटरनेट एक्सपर्ट ने तमाम सवालों के जवाब देते हुए करीब डेढ़ घंटे बाद नाम स्क्रीन पर प्रसारित किए।
इस बीच सभागार में उपस्थित आवेदक के मोबाइल पर आवंटन का मैसेज आने पर चयनित आवेदक अमित सिंह राणा के मोबाइल फोन पर एसएमएस के जरिये आवंटन की सूचना मिली तो उनका चेहरा खुशी से खिल उठे।
उन्होंने कहा कि यह यह सिर्फ भूखंड मिलने की सूचना नहीं, बल्कि परिवार के लिए अपने घर के सपने की दिशा में बड़ा कदम था। इसके बाद अन्य भूखंडों के लिए ई-लॉटरी ड्रा प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक आदि उपस्थित रहे।
चार श्रेणियों में हुआ आवंटन
ई-लॉटरी में टाइप-ए के 200 वर्गमीटर के 24, टाइप-बी के 150 वर्गमीटर के 49, टाइप-सी के 120 वर्गमीटर के 24 और टाइप-डी के 115 वर्गमीटर के 12 भूखंड शामिल रहे। इस तरह कुल 109 भूखंडों का आवंटन किया गया। जीडीए अधिकारियों के अनुसार सफल आवेदकों की आगामी औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद भूखंडों का कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
लाइव प्रसारण से पारदर्शिता
ई-लॉटरी का लाइव प्रसारण किया गया, ताकि आवेदक और आमजन घर बैठे पूरी प्रक्रिया देख सकें। इसका प्रसारण जीडीए के आधिकारिक यूट्यूब चैनल सहित हिंदुस्तान टाइम्स और हिंदुस्तान हिंदी के आधिकारिक चैनलों पर किया गया। कंप्यूटरीकृत प्रक्रिया के कारण आवंटन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
241 भूखंडों की ई-लॉटरी आज
मधुबन-बापूधाम योजना के शेष 241 आवासीय भूखंडों की ई-लॉटरी 20 अगस्त को होगी। टाइप-ई श्रेणी के भूखंडों की लॉटरी सुबह 11.:30 बजे, टाइप-एफ, 12.00 बजे, टाइप-जी 12.30 और टाइप-एच दोपहर एक बजे होगी। इसका भी लाइव प्रसारण किया जाएगा।
| 16,436 पात्र आवेदकों में 109 के हुए भूखंड | |
|---|---|
| कुल भूखंड | 109 |
| कुल आवेदन | 16,478 |
| पात्र आवेदन | 16,436 |
| टाइप | क्षेत्रफल | भूखंडों की संख्या |
|---|---|---|
| टाइप-ए | 200 वर्गमीटर | 24 |
| टाइप-बी | 150 वर्गमीटर | 49 |
| टाइप-सी | 120 वर्गमीटर | 24 |
| टाइप-डी | 115 वर्गमीटर | 12 |
| कुल | 109 | |
बेहतर कनेक्टिविटी और कम दाम से बढ़ी योजना की अहमियत
मधुबन बापूधाम गाजियाबाद की प्रमुख आवासीय योजनाओं में शामिल है। योजना के आसपास नमो भारत रैपिड रेल, हिंडन एलिवेटेड रोड, रेलवे ओवरब्रिज और विकसित भारत थीम पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। बेहतर कनेक्टिविटी और प्रस्तावित सुविधाओं के कारण योजना को आवासीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
