गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बोले- समाजवादी पार्टी यूपी के लिए श्राप है, जब भी सत्ता में आई तो तबाही मचाई
CM Yogi Adityanath in Gonda: बिजली सैफई ही नहीं, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच में भी मिलेगा। हर जरूरतमंद को फ्री में राशन मिलेगा। रसोई गैस का कनेक्शन मिलेगा।

तेजपुर के सिंगारघाट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा के गौरा व मनकापुर विधानसभा क्षेत्र की 520.84 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम के बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा का मतलब आस्था है। यह आपका सम्मान और आपको आगे बढ़ाने वाली पार्टी है। इसके विपरीत समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का मतलब है अपराध। यह तो बदमाश को लाने वाली पार्टियां है। यह लोग बदमाश को लाते हैं और हम बदलाव लाते हैं। यह लोग बदमाशों को प्रश्रय देते हैं और हम आस्था को सम्मान देते हैं।
तेजपुर के सिंगारघाट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी यूपी के लिए श्राप है। यह पार्टी जब भी सत्ता में आई, इसने तबाही मचाई है। आज विकास हो रहा है। दीपावली के पूर्व विकास परियोजनाओं का उपहार प्राप्त हो रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने मां वाराही व पृथ्वीनाथ की धरा को नमन करते हुए परियोजनाओं की बधाई देते हुए जनप्रतिनिधियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सात नवंबर को हम अयोध्या जाएंगे। दीपोत्सव का दसवां संस्करण अयोध्या धाम में होगा। दीपोत्सव का कार्यक्रम का अयोध्या धाम होगा, लेकिन रोशनी विकास के रूप में गोंडा में पहुंचेगी।
सपा के बारे में जान लें युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के शासन की जानकारी युवा को नहीं होगी। अब जान लें कि कैसे कर्फ्यू होता है, कैसे दंगा होता है, कैसे गरीबों को लूटते थे, कैसे युवा के रोजगार पर डकैती डालते थे, कैसे बहन-बेटियों का उत्पीड़न होता था, उपद्रव क्या होता है। उपद्रव में त्योहार में फीका हो जाता है। इस बार 67 हजार दुर्गा प्रतिमा रखी गई थी। देवीपाटन मंडल में घर में रखने के लिए अनुमाति नहीं। किसी सपाई या कसाई को परेशानी होती है तो अपने घर में रहे। कावंड़ यात्रा में चार करोड़ लोग हिस्सा बने। भाजपा सरकार में दंगा करने का प्रयास किया तो आपकी सात पीढ़ियां याद करेंगे। एक बार दुर्गा पूजा में दंगा होने पर मुझे आना पड़ा था। आयोजकों को परेशान किया जाता था। आज आनंद है, उत्साह है।
गोंडा में दिख रहा है विकास
आज मुझे विकास गोंडा में दिखाई दे रहा है। मुझे दस वर्ष पहले ट्रेन से उतरकर देवीपाटन जाना पड़ता था, तब ढाई से तीन घंटे लगते थे। सड़कें गड्ढे में तब्दील थीं। नौजवान बेरोजगार था, किसान बेहाल था। बेटी व्यापारी की सुरक्षा खतरे में पड़ी थी। देश के अंदर सबसे पिछड़े व गंदे जिलों में गोंडा, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती की गिनती होती थी। हम लोग परेशान रहते थे कि विदेशी अक्रांताओं को परास्त करने वाली मां पाटेश्वरी, महाराजा सुहेलदेव व देवीबक्श का शौर्य व पराक्रम कहां गायब हो गया है। पहचान का संकट खड़ा हो गया था। परेशानी मुझे भी होती थी।
अज्ञात बीमारी से मौत बनती थीं सुर्खियां
पहले मीडिया में सुर्खियां बनती थीं अज्ञात बीमारी से मौत हो गई है। मैं, स्वास्थ्य विभाग को फोन करता था कि अज्ञात बीमारी क्या है, पहले एक गरीब के बच्चे की कीमत नहीं थी। नौजवान के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते थे। मां दुर्गा पूजा करने की भी अनुमति नहीं दी जाती थी। सपाई व कसाई एप्लीकेशन देकर विरोध करता था तो पुलिस रोक लगाती थी। कावंड़ यात्रा नहीं निकालने दी जाती थी। कोई पर्व नहीं मनाने दिया जाता था। योजनाएं दूसरी जिले में भेज दी जाती थी। 2016 को स्वच्छ सर्वेक्षण में गोंडा सबसे गंदा था।
दो नवंबर को चलवाई गई रामभक्तों पर गोली
दो नवंबर को तत्कालीन सपा ने सरकार रामभक्तों पर गोली चलवाई थी। हमने पुष्प वर्षा कराई, विकास आगे बढ़ाया। दीपोत्सव में जो दीप जलेगा उसका विकास गोंडा में आएगा। इसी से देवीपाटन मंडल में विकास की आभा सी दिखेगी। कोई सोचता था कि मेडिकल कालेज, इंजीनियरिंग व कृषि कालेज बनेगा। देवीपाटन मंडल में विश्व विद्यालय बनेगा।
गोंडा, बहराइच में मेडिकल कालेज
विश्वविद्यालय की राह में नकल के ठेकेदार बाधा बनता था। मैंने उनके धंधे को चौपट करने के लिए मैंने विश्वविद्यालय दे दिया। मंडल में विश्वविद्यालय है। गोंडा, बहराइच में मेडिकल कालेज है। बलरामपुर में निर्माण चल रहा है। सड़कें चलने लायक है। बलरामपुर-गोंडा-अयोध्या मार्ग का चौड़ीकरण की स्वीकृति हो चुकी है। राजा भइया स्वयं प्रयास कर रहे हैं। कभी इस धरती ने योग की धारा को आगे बढ़ाया था।
भगवान स्वामी नारायण के रूप में पूरी दुनिया में विख्यात
महर्षि पतंजलि ने यहां गोस्वामी तुलसीदास ने यहां अपने गुरु के मुख के रामकथा सुनी थी और रामायण लिखने की प्रेरणा मिली थी। घनश्याम नामक का युवक भगवान स्वामी नारायण के रूप में पूरी दुनिया में विख्यात है। जिस धरती ने दुनिया को रोशनी दिखाई वह स्वयं अंधेरे में रह गई। सबसे बड़ा खाद्यान घोटाला गोंडा में हुआ था। 2023 में गोंडा को तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश गोंडा को प्राप्त हुए। सैकड़ों करोड़ की परियोजनाएं धरातल उतरी है। अब तो पराली व बायोगैस का भी दाम मिलेगा। आज के इस अवसर पर मैं आप सबसे यह कहने आया हूं।
पहले विकास का मतलब सैफई
प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में गोंडा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये व मंडल के लिए 50 हजार करोड़ रुपये हमने स्वीकृत की है कुछ पूरी हो गई हैं, कुछ का निर्माण चल रही है। हमने नए कार्यों का प्रस्ताव भी मांगा है। पहले विकास का मतलब सैफई होता था, आज विकास मतलब उत्तर प्रदेश है। विकास में भेदभाव नहीं होता है। बिजली सैफई ही नहीं, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच में भी मिलेगा। हर जरूरतमंद को फ्री में राशन मिलेगा। रसोई गैस का कनेक्शन मिलेगा।
दीपावली से पहले एक सिलेंडर फ्री
दीपावली से पहले एक सिलेंडर फ्री में देने जा रहे हैं। अब गरीब उपचार के लिए भटकता नहीं है। आयुष्मान कार्ड है। मुख्यमंत्री राहत कोष से पैसा दिया जाता है। हमने प्रदेश को बीमारू राज्य से मुक्त किया है। सपा के लोग युवाओं के जीवन से खिलवाड़ करते थे। ईमानदारी के साथ भर्ती प्रक्रिया की गई। सांसद, विधायक अपने क्षेत्र में नियुक्ति पत्र वितरित करते हैं। पहले यह सपना था। गोंडा को बदनाम कर दिया था, इसलिए नौकरी नहीं मिलती थी।
निवेश का मतलब, रोजगार और नौकरी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निवेश का मतलब, रोजगार और नौकरी भी है। सुरक्षित वातावरण जरूरी है पूंजी निवेश के लिए। गोंडा का नौजवान, क्यों बंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली व मुंबई जाएगा। विकास केंचुआ की चाल नहीं चलेगा, हम उसे स्पीड देंगे।
देश के टाप थ्री राज्यों में यूपी
अब यूपी भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन गया है। देश के टाप थ्री राज्यों में यूपी एक है। आप आपने अच्छे सांसद व विधायक दिया है, इसलिए यह संभव हो पाया है। अब कोई बेटी या व्यापारी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगाता है। विकास की योजना को कोई रास्ते में कोई हाईजैक नहीं कर सकता।
मिट्टी में मिला चुके हैं माफिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि माफिया को हम मिट्टी में मिला चुके हैं। सुरक्षा में सेंध लगाई तो जेल या जहन्नुम, तीसरी जगह नहीं है। पहले मंदिरों का पैसा कब्रिस्तान व गरीब की जमीन पर कब्जा करने के लिए खर्च किया जाता था। नौजवान के लिए रोजगार का रास्ता खुला है। अखिलेश से मैने कहा था कि गिनती आती है गिनो अगले छह माह में एक लाख युवाओं को नौकरी देंगे। 12-15 हजार लोगों को नियुक्ति पत्र दे चुके हैं। साढ़े चार सब इंस्पेक्टर, 45 हजार पुलिस कांस्टेबल, 42 हजार होमगार्ड को नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। शिक्षकों की भर्ती होगी। अन्य विभागों में भी नियुक्ति करने जा रहे हैं।
पदक लाओ, हमसे पद पाओ
मुख्यमंत्री ने कहा कि उप्र लोक सेवा आयोग से भर्ती कर रहे हैं। खिलाड़ियों से कहते हैं पदक लाओ, हमसे पद पाओ। डिप्टी एसपी, खेल अधिकारी बनाया है। चार वर्ष के बाद वापस आने वाले अग्निवीरों को विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत रिजर्वेशन देने जा रहे हैं। मैं, सभी युवाओं से कहूंगा सरकार ने बहुत सारे द्वार खोले हैं। गोंडवासियों को बधाई, जय हिंद, जय-जय श्रीराम।
कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय, कर्नलगंज अजय सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, एमएलसी अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।