गोंडा में मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर पथराव, दो घायल; पुलिस व पीएसी जवान मौके पर
गोंडा में शनिवार को रात करीब आठ बजे नगर कोतवाली के घोसियाना मुहल्ले से विसर्जन जुलूस के दौरान अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी थी जिससे भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। विसर्जन जुलूस में 50 से अधिक वाहन शामिल थे। इस दौरान दो लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि समय पर पुलिस ने पहुंच कर स्थिति काबू में कर ली है।
संवाद सूत्र, गोंडा। गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर नगर कोतवाली के घोसियाना मुहल्ले के पास शनिवार की रात मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर अराजकत्वों ने पथराव कर दिया जिससे भगदड़ मच गई। इसमें दो लोगों के घायल हाेने की सूचना है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल व कई थानों की पुलिस ने स्थिति संभाली। इसके बाद जुलूस विसर्जन के लिए रवाना किया जा सका।
विसर्जन जुलूस के दौरान पत्थरबाजी
बताया जाता है कि रात करीब आठ बजे नगर कोतवाली के घोसियाना मुहल्ले से विसर्जन जुलूस निकल रहा था। विसर्जन जुलूस में 50 से अधिक वाहन शामिल थे। इसी दौरान किसी अराजकतत्व ने छत से पत्थर फेंकना शुरू कर दिया जिससे जुलूस में शामिल लोगों में भगदड़ मच गई। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। गोंडा- बलरामपुर मार्ग पर जाम लग गया।
मौके पर पहुंचे पुलिस व पीएसी जवान
नगर कोतवाली के साथ ही देहात कोतवाली पुलिस व पीएसी के जवान पहुंच गए। लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जुलूस को आगे बढ़ाने की अपील की, लेकिन वहां मौजूद लोग कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने वहां मौजूद लोगों से संवाद कर स्थिति को काबू में किया। इसके बाद करीब साढ़े आठ बजे जुलूस विसर्जन के लिए रवाना हो सका।
यूपी में गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर पथराव, पुलिस बल मौजूद।#UPnews #Dussehra2024 #visarjan #VijayaDasami pic.twitter.com/zGuEoouAl6— Riya Pandey (@pandeyriya0607) October 12, 2024
अराजकतत्वों का माहौल खराब करने का प्रयास
एसपी ने बताया कि अराजकतत्वों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया था, लेकिन सूझबूझ से स्थिति को काबू में कर लिया गया। अराजकतत्वों को चिह्नित कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायलों के बारे में जानकारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- फतेहाबाद: मूर्ति विसर्जन देखने गए 3 बालक यमुना में डूबे, एक की मौत; चारपाई पर बैठ आराम फरमाते रहे पुलिसकर्मी
पुलिस कस्टडी में एक की मौत के बाद विरोध प्रदर्शन
वहीं प्रदेश की राजधानी के विकासनगर में बीते शुक्रवार देर रात पुलिस कस्टडी में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम से शव मिलने के बाद सड़क जाम कर दी। देर शाम तक प्रदर्शन चलता रहा। उच्चाधिकारियों के आश्वासन पर भी नहीं माने। पुलिस सभी को समझाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को अंबेडकर पार्क में जुआं खेले जाने की सूचना मिल थी। इस पर पीआरवी 4830 सवार पुलिसकर्मी पार्क पहुंचे तो जुआरी उन्हें देखकर भागने लगे। इनमें से दो युवकों को पकड़ लिया और गाड़ी में बैठा लिया।
अमन की मौत से परिजनों में अफरातफरी
पुलिस दोनों को थाने लेकर जाने लगी। तभी एक युवक अमन की हालत अचानक बिगड़ गई। पीआरवी कर्मी उन्हें लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से डाक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। अमन की मौत की खबर जब घर पहुंची तो परिजनों ने अफरातफरी मच गई।