विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर प्रतिमा विसर्जन हादसा: बच्चों की जान बचाने में दो भाइयों ने दी कुर्बानी, गांव में शोक

Published: Thu, 22 Oct 2026 08:35 AM (IST)

गोरखपुर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ट्राली में करंट दौड़ गया। बच्चों को ...और पढ़ें

मौके पर जुटे लोग। जागरण

मौके पर जुटे लोग। जागरण

HighLights

  1. प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेंशन तार से ट्राली टकराई।

  2. बच्चों को बचाने में दो सगे भाइयों की मौत हुई।

  3. हादसे में कुल तीन की मौत, 12 लोग घायल हुए।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। प्रतिमा विसर्जन के दौरान बच्चों की जान बचाने में दो सगे भाइयों ने अपनी जान गंवा दी। जंगल अयोध्या प्रसाद के चौहान टोला में प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली ट्राली हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। इससे पूरी ट्राली में करंट दौड़ गया। हादसे में दो भाइयों समेत तीन की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत 12 लोग घायल हो गए। मेडिकल कालेज से जारी सूची के आधार कुछ अज्ञात लोग भी घायल हैं।

जंगल अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के महिला-पुरुष हर वर्ष की तरह प्रतिमा विसर्जन के लिए ट्राली के पीछे नाचते-गाते जा रहे थे। चंदन चौहान ट्राली पर खड़े होकर लोगों में प्रसाद बांट रहे थे। ट्राली पर बुआ के घर आया 10 वर्षीय प्रतीक और गांव की ढाई वर्षीय पीहू भी मौजूद थे। इसी दौरान ट्राली में लगा लोहे का एंगल हाईटेंशन तार से सट गया और करंट दौड़ने लगा।

यह देख ट्राली के साथ चल रहे दोनों भाई लकी और विक्की ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया। लकी ने पीहू को कपड़े में लपेटकर ट्राली से बाहर फेंक दिया, जबकि विक्की ने अपने मामा के बेटे प्रतीक को बाहर फेंककर उसकी जान बचा ली। हालांकि, इस दौरान दोनों भाई करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। जबकि पहले से ट्राली के अंदर खड़ा चंदन करंट से झुलसकर नीचे गिर गया था।

महिला को बचाने में तीन अन्य महिलाएं भी झुलसीं
ट्राली के बगल में चल रही पुष्पा देवी भी करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में तीन अन्य महिलाएं भी घायल हो गईं। इसके अलावा ट्राली के आसपास मौजूद 12 अन्य लोग भी करंट की चपेट में आकर घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बच्चों की जान बचाने वाले दोनों भाइयों समेत तीन की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का मामला गरमाया, 18 सीनियर छात्रों पर आरोप; जांच तेज


ये हैं घायल
विरेंद्र विश्वकर्मा, शिवानी चौहान, प्रियांशु चौहान, नंदनी चौहान, माेनू चौहान, शांतनू चौहान, अनिल भारती, सत्यवान चौहान, पुष्पा चौहान, अनिल चौहान, अंशिका, अंशू।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में तीन मौतों के बाद सड़क पर उतरा आक्रोश, मेडिकल कॉलेज हाईवे पर 100 मिनट हंगामा