विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Explainer: गोरखपुर में नियमों को रौंदकर पाले जा रहे हाथी, हादसों के बाद खुलती है विभाग की नींद

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:27 AM (IST)

बेलीपार में सड़क हादसे में एक मादा हाथी की मौत ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोरखपुर में बिना पंजीकरण के हाथी रखे जा रहे हैं, जबकि विभाग के पास इनका कोई ठोस रिकॉर्ड नहीं है, जिसके बाद अब विशेष अभियान चलाने की बात कही जा रही है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. बेलीपार हादसे में मादा हाथी की मौत, पंजीकरण नहीं था।

  2. वन विभाग के पास हाथियों का कोई रिकॉर्ड नहीं।

  3. हाथी पालने के सख्त कानूनों की अनदेखी हो रही।

सुनील सिंह, गोरखपुर। बेलीपार क्षेत्र में शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना के दौरान एक मादा हाथी की मौत ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना पंजीकरण के शहर और आसपास के इलाकों में हाथी रखे जा रहे हैं, लेकिन विभाग के पास न तो इनका कोई ठोस रिकार्ड है और न ही नियमित निगरानी का कोई तंत्र। आइए, बिंदुवार समझते हैं क्या है पूरा मामला और हाथी पालने को लेकर देश में क्या सख्त कानून हैं।

जानिए ताजा मामला क्या है और सवाल क्यों उठ रहे हैं?
बेलीपार क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में जिस मादा हाथी की जान गई, उसका वन विभाग में पंजीकरण ही नहीं था। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब हाथी विभाग में दर्ज ही नहीं था, तो उसकी अभिरक्षा (कस्टडी), आवागमन और रखरखाव की निगरानी कैसे हो रही थी? फिलहाल वन विभाग के पास इसका कोई जवाब नहीं है और अब पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है।

पहले भी हो चुके हैं पालतू हाथी से जुड़े हादसे
यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2023 में भी एक समारोह के दौरान बिदके पालतू हाथी ने दो लोगों को पटककर मार डाला था। उस समय भी पालतू हाथियों के स्वामित्व प्रमाण पत्र (ओनरशिप सर्टिफिकेट) और पंजीकरण को लेकर काफी बहस हुई थी, लेकिन समय बीतने के साथ मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

हाथी पालने को लेकर देश में क्या कानून हैं?

खरीद-बिक्री पूरी तरह गैरकानूनी:
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत हाथी को ''''अनुसूची-1'''' में रखा गया है, जो इसे उच्चतम कानूनी सुरक्षा देता है। भारत में हाथी को पालतू जानवर के रूप में खरीदना या बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है। व्यावसायिक खरीद-फरोख्त पर रोक होने के कारण बैंक हाथी खरीदने के लिए लोन भी नहीं देते।

पंजीकरण और अनुमति अनिवार्य:
किसी भी व्यक्ति के लिए हाथी पालने से पहले मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक (चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन) की अनुमति और वैध स्वामित्व प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।

हाथी को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के नियम क्या हैं?
ऐतिहासिक या धार्मिक परंपराओं के तहत पहले से हाथी रखने वालों के लिए बंदी हाथी (स्थानांतरण या परिवहन) नियम, 2024 में कड़े प्रविधान किए गए हैं। इसके तहत राज्य के भीतर या एक राज्य से दूसरे राज्य में हाथी को स्थानांतरित करने के लिए पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की अनुमति लेना जरूरी है।

परिवहन से पहले पशु चिकित्सक हाथी के स्वास्थ्य की पुष्टि कराना अनिवार्य है। यदि संक्रामक रोग का खतरा हो, तो संगरोध (क्वारंटाइन) अवधि पूरी करनी होती है। परिवहन के दौरान हाथी के साथ एक प्रशिक्षित महावत और एक सहायक का होना अनिवार्य है। साथ ही, यह सुनिश्चित करना होता है कि नए स्थान पर उसे बेहतर देखभाल मिलेगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से हाथी की मौत, महावत समेत दो गंभीर


लापरवाही कहां हो रही है और विभाग का क्या कहना है?
हाथी पालना महज शौक या परंपरा नहीं, बल्कि एक संरक्षित वन्यजीव की कानूनी जिम्मेदारी है। विडंबना यह है कि हाथी पालक नियमों को ताक पर रखकर बिना दस्तावेजों के हाथी रख रहे हैं और वन विभाग केवल हादसों के बाद ही जागता है। इस मामले पर डीएफओ शुभम सिंह का कहना है कि हाथी पालक विभाग में पंजीकरण नहीं करा रहे हैं। जल्द ही विशेष अभियान चलाकर सभी हाथियों का पंजीकरण कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे: बरेली के 68 गांवों की जमीन का सर्वे तेज, जल्द शुरू होगा अधिग्रहण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।