हापुड़ में रेस्टोरेंट के नूडल्स में निकला कीड़ा, शिकायत पर पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए सैंपल
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में एक रेस्टोरेंट में नूडल्स में कीड़ा मिलने के बाद हंगामा हो गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने ...और पढ़ें

नूडल्स में मिला कीड़ा।
HighLights
गढ़मुक्तेश्वर के बिकानेर रेस्टोरेंट में नूडल्स में कीड़ा मिला।
ग्राहक की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लिए।
नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए, रिपोर्ट का इंतजार।
केशव त्यागी, हापुड़ (गढ़मुक्तेश्वर)। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव अठसैनी रोड स्थित बिकानेर रेस्टोरेंट में नूडल्स में कीड़ा निकलने के आरोप के बाद हंगामा हो गया। ग्राहक की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खाद्य पदार्थ के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए। रिपोर्ट आने के बाद विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस में दी तहरीर में गांव बक्सर की पाहत नुमा ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब पौने दो बजे वह गढ़मुक्तेश्वर न्यायालय से लौट रही थीं। रास्ते में अठसैनी रोड स्थित बिकानेर रेस्टोरेंट में रुककर उसने नूडल्स मंगवाए। खाना शुरू करने के दौरान उसे नूडल्स में करीब एक इंच लंबा काले रंग का कीड़ा दिखाई दिया।
खाद्य नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा
आरोप है कि उसने तत्काल रेस्टोरेंट के कर्मचारियों और प्रबंधक से इसकी शिकायत की। शिकायत पर कर्मचारियों ने संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्रता की। महिला ने मामले की सूचना पुलिस को दी। करीब 15 से 20 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- दून विश्वविद्यालय मेस के खाने में कीड़ा मिलने पर छात्रों का विरोध, किया कुलपति आवास का घेराव
मामले की जानकारी मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी सक्रिय हुई। टीम ने रेस्टोरेंट पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच रिपोर्ट से खुलेगा राज
नूडल्स में कीड़ा मिलने के आरोप के बाद लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट से खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और मानकों के पालन की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। थाना गढ़मुक्तेश्वर प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
