झांसी में बंद घर में मिले पति-पत्नी के शव, कमरे में पड़ी थी लाश; चार से पांच दिन पुराने बताए जा रहे
झांसी के गोविंदपुरी में एक बुजुर्ग दंपत्ति अपने घर में मृत पाए गए, जिनके शव 4-5 दिन पुराने बताए जा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, झांसी। शनिवार शाम एक घर का सन्नाटा उस समय दर्दनाक सच में बदल गया, जब बेटे ने रोशनदान के रास्ते अंदर जाकर अपने बुजुर्ग माता-पिता के शव देखे। 70 वर्षीय विश्वनाथ और उनकी 65 वर्षीय पत्नी भुवन देवी के शव घर के एक कमरे में पड़े थे। प्रारंभिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराने बताए जा रहे हैं। दोनों की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
विश्वनाथ और भुवन देवी सीपरी बाजार क्षेत्र के गोविंदपुरी में स्थित मकान में रहते थे, जबकि उनका बेटा जगपाल पत्नी और बच्चों के साथ मसीहगंज स्थित दूसरे मकान में रहता है। जगपाल के अनुसार वह 25 अगस्त या उससे पहले माता-पिता से मिलने आया था। तब दोनों स्वस्थ थे। घर में निर्माण कार्य भी चल रहा था।
शनिवार शाम वह फिर माता-पिता से मिलने पहुंचा तो मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया। चिंता बढ़ने पर वह दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान के रास्ते घर में दाखिल हुआ। कमरे में माता-पिता के शव देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना पर सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे पुलिस टीम के साथ पहुंचे। सीओ सिटी रामवीर सिंह और एसपी सिटी प्रीति सिंह ने भी पहुंचकर जानकारी ली। मोबाइल फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल 25 अगस्त से शनिवार के बीच की घटनाओं को लेकर है।
घर के एक हिस्से में रहने वाला किरायेदार भी मौके पर नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन बंद है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है, हालांकि अभी उसकी भूमिका को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
निर्माण कार्य में लगे लोगों और आसपास के निवासियों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की सावधानी से जांच कर रही है। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम और फारेंसिक जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
