विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

258 साल पुरानी दुर्लभ पांडुलिपि का रोचक सफर, 700 पन्नों की रामचरितमानस अब अयोध्या जाएगी

Published: Tue, 10 Nov 2026 05:35 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 10 Nov 2026 09:49 PM (GMT+05:30)

इटावा के चंबल संग्रहालय में रखी 258 साल पुरानी रामचरितमानस की दुर्लभ पांडुलिपि अब अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट के संग्रहालय में जाएगी।

चंबल संग्रहालय में रखी रामकथा की 258 साल पुरानी पांडुलिपि।

चंबल संग्रहालय में रखी रामकथा की 258 साल पुरानी पांडुलिपि।

HighLights

  1. 258 साल पुरानी रामचरितमानस पांडुलिपि अयोध्या संग्रहालय जाएगी।

  2. वाराणसी के स्वामी तेज बहादुर गिरि ने इसे हस्तलिखित किया था।

  3. इटावा के चंबल संग्रहालय में यह धरोहर संरक्षित थी।

शिवा अवस्थी/वीरेश मिश्रा, कानपुर/इटावा। श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में रामकथा से जुड़े दुर्लभ साहित्य व ऐतिहासिक सामग्री को एक स्थान पर संरक्षित करने की पहल तेज हुई तो अमिट धरोहरें सामने आने लगी हैं।

रामकथा संग्रहालय को आधुनिक तकनीक से विकसित कर प्रभु श्रीराम की वंशावली, रामायण से जुड़े प्रसंग व राम मंदिर के इतिहास को प्रदर्शित करने की तैयारी है। इस बीच इटावा के चंबल संग्रहालय में रखी 258 साल पुरानी दुर्लभ पांडुलिपि फिर चर्चा में है, जो तुलसीदास रचित रामचरितमानस की प्रतिकृति है। इसमें पन्नों पर लिखे अक्षर साफ पढ़े जा सकते हैं।

मुख्य पृष्ठ पर तेज बहादुर गिरि की अष्टकोणीय सील

चंबल संग्रहालय के कर्ताधर्ता किशन पोरवाल बताते हैं कि इस पांडुलिपि को वाराणसी के तुलसी चौरा में रहने वाले स्वामी तेज बहादुर गिरि महाराज ने अपने हाथों से लिखा था। इसमें लगभग 700 पेज हैं। मुख्य पृष्ठ पर तेज बहादुर गिरि की अष्टकोणीय सील लगी है, जिस पर संवत 1825 अंकित है। सील के ऊपर कपड़े की मोहर लगी है, जिसकी लिपि फारसी है।

अंतिम पृष्ठ पर इसकी लिखावट व तथ्यों को प्रमाणित किए जाने का उल्लेख भी किया गया है। पुराने कागज पर स्याही से लिखे अक्षर केवल रामकथा को संरक्षित नहीं करते, बल्कि अपने दौर की लेखन परंपरा, कागज के इस्तेमाल और धार्मिक साहित्य को पीढ़ियों तक सुरक्षित रखने की संस्कृति की कहानी भी कहते हैं। इसको सन् 1768 यानी संवत 1825 का बताया गया है।

एक-एक पन्ना हाथ से लिखा गया और फिर वह रामकथा पीढ़ियों की यात्रा करती हुई इटावा पहुंची। आज 258 वर्ष बाद वह अक्षर-अक्षर चंबल संग्रहालय में सुरक्षित हैं। इस दुर्लभ पांडुलिपि को अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट ने अपने संग्रहालय के लिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है।

इटावा पहुंचने की कहानी भी रोचक

चौगुर्जी मोहल्ले में स्थित चंबल संग्रहालय में संरक्षित हस्तलिखित रामचरितमानस की यह दुर्लभ पांडुलिपि किशन पोरवाल परिवार के पास 18वीं शताब्दी से है। इस पांडुलिपि के इटावा पहुंचने की कहानी भी रोचक है।

किशन बताते हैं कि दुर्लभ पांडुलिपि उन्हें उनकी मां जय देवी ने दी थी। जय देवी रामभक्त थीं और अयोध्या में सरयू किनारे स्थित एक आश्रम में रहा करती थीं। बिहार के संत रामप्रताप दास ने उन्हें इसे भेंट किया था।

उस समय पांडुलिपि पर चमड़े की जिल्द लगी थी। मां ने इस धरोहर को अपने पास सुरक्षित रखा और बाद में उनको सौंप दिया। पोरवाल बताते हैं कि इसे घर की अलमारी में बंद करके रखने के स्थान पर अपने संग्रहालय की धरोहर बना दिया।

60 वर्षों की साधना है चंबल संग्रहालय

चंबल संग्रहालय की कहानी भी इस पांडुलिपि जितनी ही दिलचस्प है। किशन पोरवाल ने दशकों से दुर्लभ पुस्तकों, दस्तावेजों, पत्रों, सिक्कों, चित्रों व ऐतिहासिक सामग्री को सहेजने का काम किया है। उपलब्ध अभिलेखों के अनुसार, चंबल आर्काइव में हजारों दुर्लभ पुस्तकें व दस्तावेज संरक्षित हैं।

77 वर्ष की उम्र में भी पोरवाल का अधिकांश समय इन धरोहरों की देखभाल में गुजरता है। उन्होंने जिस जुनून के साथ युवावस्था में पुरानी व उपेक्षित वस्तुओं को बचाने का काम शुरू किया था, वह आज भी कम नहीं हुआ है। अब उनके पुत्र माधवेंद्र पोरवाल भी इस काम में उनका सहयोग कर रहे हैं।

इस संग्रहालय की खासियत यही है कि यहां इतिहास किसी किताब में पढ़ने भर की चीज नहीं, बल्कि हाथों में उठाकर देखने योग्य दस्तावेज के रूप में मौजूद हैं। वहीं, इस पांडुलिपि में अरण्यकांड की जगह वनकांड लिखा गया है। ऐसे ही कई और अच्छे प्रसंग हैं। ये जानकारियां इस पांडुलिपि को और महत्वपूर्ण बनाती हैं।

यह भी पढ़ें- चित्रकूट में तकनीक और आस्था का अनूठा संगम, 500 ड्रोन के उड़ान भरते ही आसमान में जीवंत हुई रामकथा

यह भी पढ़ें- कौन थे युग तुलसी श्रीरामकिंकर जी? जिनकी वाणी में बसती थी रामकथा की अद्भुत शक्ति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।