कानपुर में शॉर्ट सर्किट से केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आसपास की फैक्ट्रियां और कॉलेज हॉस्टल कराए गए खाली
कानपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र स्थित पिगमेंट इंक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे केमिकल ड्रमों में धमाके हुए और आसपास दहशत फैल गई।
-1794938792471_m.webp)
फैक्ट्री में लगी आग
HighLights
कानपुर की पिगमेंट इंक फैक्ट्री में भीषण आग लगी।
केमिकल ड्रमों में लगातार धमाकों से दहशत का माहौल।
केआईटी कॉलेज हॉस्टल और आसपास की फैक्ट्रियां खाली कराईं।
जागरण संवाददाता, कानपुर। रूमा औद्योगिक क्षेत्र स्थित पिगमेंट इंक फैक्ट्री में मंगलवार रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। फैक्ट्री में रखे केमिकल से भरे ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई देने से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और यहां काम करने वाले मजदूर जान बचाकर भागे।
आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। आग की भयावहता को देखते हुए एहतियातन बगल में स्थित कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज (केआईटी) के हॉस्टल को खाली करा लिया गया। वहीं, आग के आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए उन्हें बंद कराकर खाली कराया गया है।

आग की जानकारी पाकर जाजमऊ, मीरपुर, किदवई नगर, कर्नलगंज, फजलगंज समेत कई फायर स्टेशनों से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री में आग लगने के बाद देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। अंदर रखे केमिकल के ड्रम एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। इससे आग बुझाने के लिए पहुंचीं दमकल टीम के सामने भी चुनौती खड़ी हो गई।
अब तक नहीं हो सका नुकसान का आकलन
लगातार हो रहे धमाकों के कारण दमकल की गाड़ियां फैक्ट्री के अंदर तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ऐसे में दमकल के जवान कई गाड़ियों की मदद से बगल की फैक्ट्री की छत से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने के प्रयास कर रहे हैं।
हालांकि केमिकल होने की वजह से आग बुझने के बजाय और भड़क रही है। फैक्ट्री से सटे केआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज में आग फैलने की आशंका को देखते हुए हॉस्टल में रह रहे विद्यार्थियों को तत्काल बाहर निकाला गया। इसके साथ ही आसपास की औद्योगिक इकाइयों में काम कर रहे कर्मचारियों को भी सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है।
केमिकलों के ड्रमों में लगातार हो रहे विस्फोट के चलते राहत और बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।
यह भी पढ़ें- Kanpur Fire Breaks Out: दो की मौत के बाद जागे जिम्मेदार, राधिका अपार्टमेंट में चलेगा बुलडोजर, 5 पर केस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।