कानपुर में भौंती बाईपास पर हादसा, कंटेनर ने बाइक सवार मां-बेटी को रौंदा, पति घायल, पथराव व सर्विस रोड की जाम
कानपुर के पनकी स्थित भौंती बाइपास पर एक ट्रक ने मां-बेटी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही ...और पढ़ें

दिवंगत महिला संजना उर्फ दीक्षा व दिवंगत रितिका की फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
भौंती बाइपास पर ट्रक ने मां-बेटी को कुचला।
हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत।
परिजनों ने घटनास्थल पर जमकर किया हंगामा।
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर(कानपुर)। पनकी के भौंती बाईपास के पास शनिवार को कंटेनर ने बाइक पर सवार मां-बेटी को रौंद दिया, जबकि पति घायल हो गए। बताया गया कि कंटेनर चालक के हार्न बजाने पर बाइक सवार सुमित ने गाड़ी किनारे की, लेकिन सड़क किनारे गड्ढे की वजह से बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और कंटेनर की टक्कर लगने के बाद हादसा हुआ।
कंटेनर मां-बेटी को करीब आठ मीटर तक घसीटता चला गया। दोनों शव एक-दूसरे से चिपके हुए थे। हादसे की जानकारी पर पहुंचे स्वजन ने चालक के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे की सर्विस रोड पर जाम लगा हंगामा किया।

स्वजन हाइवे के लिंक रोड पर बैठ गए और सड़क जाम करदी है । जागरण
स्वजन ने पथराव कर कंटेनर का शीशा भी तोड़ दिया। जाम लगने से वाहनों की लंबी लाइन लग गया। एडीसीपी पश्चिम योगेश कुमार के जांच कर कार्रवाई के आश्वासन पर स्वजन शांत हुए।
सचेंडी के जुगराजपुर निवासी फैक्ट्री कर्मी सुमित सिंह राठौर के परिवार 25 वर्षीय पत्नी संजना उर्फ दीक्षा व आठ माह की बेटी रितिका उर्फ अनन्या, मां विमला, पिता अशोक सिंह, भाई गोविंद और संकित हैं।
शनिवार को सुमित पत्नी और बेटी रितिका को लेकर अपाचे बाइक से दवा लेने के लिए बर्रा जा रहे थे। भौंती में बाईपास के पास पीछे से आ रहे कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी बाइक फिसल गई और सुमित बाइक से उछलकर दूर जाकर गिरे, जबकि जबकि पत्नी व बेटी कंटेनर की चपेट में आ गईं और कंटेनर ने दोनों को रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे की सर्विस रोड पर जाम लगने लगा। अन्य वाहन सवारों ने कंटेनर को रोककर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घाटमपुर निवासी चालक फूल सिंह को हिरासत में लेकर थाने भिजवाकर जाम खुलवाया। जानकारी होते ही स्वजन घटनास्थल पर पहुंच गए और चालक के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे की मांग कर हंगामा करने लगे।
इसबीच स्वजन ने पथराव कर कंटेनर का अगला शीशा तोड़ दिया। पुलिस ने स्वजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे कंटेनर मालिक को बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान सर्विस रोड जाम कर दी गई। एडीसीपी पश्चिम योगेश कुमार व पनकी, सचेंडी समेत चार थाने की पुलिस पहुंच गई।
अनहोनी की आशंका पर दमकल की गाड़ी भी बुला ली गई। कुछ ही देर में सचेंडी तक करीब पांच किलोमीटर के दायरे में सर्विस रोड व हाईवे भीषण जाम लग गया। वहीं हाईवे के ओवरब्रिज पर लोगों की वजह से भी यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई। इससे करीब दो घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
एडीसीपी पश्चिम योगेश कुमार के कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। तब जाकर करीब साढ़े चार घंटे बाद जाम खुल सका। एडीसीपी पश्चिम योगेश कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की जा रही है।
दो साल पहले हुई थी शादी, 12 अक्टूबर को हुआ था बच्ची का मुंडन
दिवंगत के भाई गोविंद ने बताया कि सुमित की शादी करीब दो वर्ष पहले कानपुर देहात के रनिया के रुरवा निवासी राम कृष्ण भदौरिया की बेटी संजना से हुई थी। 12 अक्टूबर को भतीजी रितिका का मुंडन हुआ था।परिवार काफी खुश था।
जानें हादसे से जुड़ी टाइमलाइन
- दोपहर 1:20 बजे हादसा हुआ।
- 1:45 बजे थाना पुलिस पहुंची।
- 2:30 बजे चार थानों की पुलिस फोर्स और दमकल की गाड़ी पहुंची
- 4:00 बजे स्वजन ने सर्विस रोड जाम की
- 4:30 बजे एडीसीपी पश्चिम योगेश कुमार पहुंचे।
- 5:50 बजे दोनो शव पोस्टमार्टम भेजे गए।
यह भी पढ़ें- UP Cricket का नया सेंटर बनेगा CSJMU Kanpur का स्टेडियम, अब यहां भी होंगे मैच, जानें स्टेडयिम की खासियत
