कानपुर देहात में पत्नी ने पिता के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, 11 साल के बेटे ने खोला खौफनाक राज
कानपुर देहात में दीपावली की रात पत्नी और उसके पिता ने मिलकर 35 वर्षीय अजय कश्यप की सिर पर सिलबट्टे और ईंट से वार कर हत्या कर दी।

अजय के घर के बाहर जमा भीड़ और अजय का फाइल फोटो
HighLights
कानपुर देहात में खौफनाक वारदात
पत्नी ने पिता के साथ मिलकर पति को मार डाला
11 साल के बेटे ने खोला राज
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। अकबरपुर के कमीर गांव में दीपावली की रात मामूली विवाद में पिता संग मिलकर पत्नी ने अपने ही पति को मार डाला। पत्नी ने सिलबटटे तो पिता ने ईंट से सिर पर वार किया और हत्या कर दी। घटना का चश्मदीद 11 वर्षीय बेटे ने पूरा राज खोल दिया और ग्रामीणों को सोमवार सुबह जानकारी दी।
वहीं खुद को फंसता देख ससुर शिवनारायण ने खुद ही पुलिस को फोन किया कि उनके दामाद का शव पड़ा है, नशे में खुद ही सिलबटटे से वार करने की बात कही। अकबरपुर थाने की पुलिस ने आरोपित पत्नी व उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
शिवली के जवाहरनगर निवासी 35 वर्षीय अजय कश्यप उर्फ रिंकू दीपावली की रात रविवार को ससुराल कमीर गांव अकबरपुर गया था।उसकी पत्नी सुनीता व चार बच्चे वहीं पर थे, कहासुनी होने के बाद एक सप्ताह पूर्व सुनीता यहां चली आई थी। अजय व उसके ससुर शिवनारायण ने शराब पी व उसके बाद खाना खाया।
रात में अजय ने पत्नी से घर चलने को कहा तो उसने मना कर दिया। इस पर दोनों के बीच विवाद होने लगा, शोर सुनकर बाहर मौजूद शिवनारायण घर के अंदर आ गया और वह भी अजय से विवाद करने लगा।मामला बढ़ गया और शिवनारायण ने ईंट से व पत्नी सुनीता ने पास रखे सिलबटटे से सिर पर जोरदार वार कर दिया। इससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया व जान चली गई।
पूरी घटना घर पर मौजूद 11 वर्षीय अजय का बेटा अमित देख रहा था, घर वालों ने उसे चुप रहने को कहकर डपट दिया। पूरी रात शव घर के अंदर ही पड़ा रहा। सोमवार सुबह मौका पाकर अमित घर से बाहर निकल गया और गांव वालों को पूरी जानकारी दे दी। इस पर बचाव में शिवनारायण ने पुलिस को फोन कर सूचना दी कि उसके दामाद का शव पड़ा है और नशे में खुद ही सिलबटटे से वार कर लिया था।
अकबरपुर सीओ संजय सिंह व इंस्पेक्टर हरमीत सिंह ने छानबीन की, अमित से पूछताछ के बाद सुनीता व उसके पिता शिवनारायण को पकड़ लिया गया।अजय के भाई मनोज ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। मनोज ने बताया कि भाई की शादी 11 वर्ष पहले हुई थी, आए दिन विवाद होता था लेकिन यह नहीं पता था कि जान ही ले लेंगे। इंस्पेक्टर हरमीत सिंह ने बताया कि दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, उनको जेल भेज दिया गया।
शव को न लगा सके ठिकाने
अगर आरोपित अजय को अस्पताल पहुंचा देते तो शायद उसकी जान बच सकती थी, हो सकता है कि हमले के बाद उसकी सांस चल रही हो।पूरी रात शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाते रहे पर दीपावली की रात होने, बेटे के घटना देख लेने से मंसूबा कामयाब न हो सका।
अमित ने बताया कि नाना नमक की बोरी लेकर आए थे व शव को घर में ही दफनाने की तैयारी थी।वहीं अब चारों बच्चों के लालन पालन पर भी संकट है। 11 वर्षीय वर्षीय अमित, आठ वर्षीय सुमित, पांच वर्षीय कार्तिक और दो वर्ष का वतन है। पिता की मौत हो चुकी व मां जेल में है।उसके चाचा उनको लेकर घर आ गए।अजय खेती किसानी कर परिवार पाल रहा था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।