लखीमपुर खीरी में स्वाइन फ्लू का खतरा बढ़ा, दो नए मरीज संक्रमित मिले; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
लखीमपुर खीरी में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) ने दस्तक दे दी है, जहां बिजुआ और पलिया के दो मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
लखीमपुर खीरी में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) की पुष्टि।
बिजुआ और पलिया क्षेत्र से दो मरीज संक्रमित मिले।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सीएमओ ने बचाव की अपील की।
जागरण संवाददाता, लखीमपुर खीरी। बरेली के बाद अब लखीमपुर खीरी में भी स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। जिले में दो मरीजों में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें एक मरीज बिजुआ और दूसरा पलिया क्षेत्र का रहने वाला है। दो मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने लोगों से वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और खांसी को सामान्य समझकर नजरअंदाज न करने की अपील की है। हालांकि उन्होंने कहा कि स्थिति को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन संक्रमण से बचाव और समय पर उपचार बेहद जरूरी है।
सीएमओ के अनुसार इन्फ्लुएंजा संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बोलने से निकलने वाली सूक्ष्म बूंदों के जरिए फैल सकता है। संक्रमण के बाद एक-दो दिन में बुखार, गले में खराश, खांसी, जुकाम और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। इन्फ्लुएंजा के कुछ प्रकारों में एच1एन1 भी शामिल है, जिसे सामान्य तौर पर स्वाइन फ्लू कहा जाता है।
