पहली कैबिनेट में 10 लाख नौकरियां, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और बेटियों को सोना; अखिलेश के घोषणा पत्र में क्या-क्या?
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें सत्ता में आने पर 5 साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां और 2-3 करोड़ अन्य रोजगार देने का वादा किया गया है।

समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सीनियर लीडर आजम खां, सांसद डिंपल यादव और सांसद अवधेश प्रसाद। जागरण
HighLights
पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, 10 लाख पहली कैबिनेट में।
किसानों की कर्जमाफी, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और MSP की कानूनी गारंटी।
बुजुर्ग महिलाओं को 40 हजार पेंशन, बेटियों के जन्म पर सोना।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अखिलेश यादव ने अगले वर्ष प्रस्तावित चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए वादा किया कि उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो पांच साल के भीतर 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार देंगे। 10 लाख नौकरी का प्रस्ताव पहली कैबिनेट बैठक में पारित कराया जाएगा।
महिलाओं के लिए प्रथक घोषणा पत्र जारी करने की बात करते हुए कहा कि बुजुर्ग महिलाओं को 40,000 रुपये सालाना पेंशन दी जाएगी और किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। उन्होंने जाति जनगणना और सरकारी ठेकों में 50 प्रतिशत आरक्षण का भी वादा किया। 12वीं कक्षा पास करने वाले छात्रों को मुफ्त लैपटाप की अपनी पुरानी योजना को बहाल करने का भी वादा किया।
घोषणापत्र में बेटियों के जन्म पर सरकार की ओर से 10 ग्राम तक सोना देने का भी वादा किया गया है। यह पहली बार है जब किसी भी राजनीतिक दल के घोषणापत्र में सोना देने की बात शामिल की गई है। संविधान दिवस पर गुरुवार को जारी इस घोषणा पत्र को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बार ''सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र-जन-मन का मेनिफेस्टो'' नाम दिया है।
युवाओं को साधने की तैयारी
घोषणापत्र में सपा ने चुनावी वादों के जरिये रोजगार, सामाजिक न्याय और आर्थिक सुरक्षा को केंद्र में रखा है। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय का भरोसा देने के साथ युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों और छोटे कारोबारियों की अपेक्षाओं को भी जगह दी गई है।
वहीं, कानून-व्यवस्था और अपराध के मामले में जीरो टालरेंस का वादा कर भाजपा के बेहतर कानून-व्यवस्था के सबसे मजबूत मुद्दे की काट करने की भी कोशिश की है। पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लेने और पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया है। भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर बनाने, एक चरण वाली भर्ती तीन महीने और दो से तीन चरणों वाली भर्ती छह महीने में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वास्थ्य व शिक्षा प्रणाली में अल्पकालिक संविदा भर्तियों को बंद कर एक साल में खाली पदों पर नियुक्तियां की जाएंगीं। पेपर लीक रोकने को संबंधित अधिकारी और मंत्री की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की बात कही गई है।
संविदा नौकरी मिलने तक बेरोजगार स्नातकों को पांच हजार रुपये पोषण भत्ता देने, ग्रामीण क्षेत्रों में 150 दिन रोजगार की कानूनी गारंटी और शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने का भी वादा है। अग्निवीरों को पुलिस व अन्य विभागों में रोजगार देने तथा हर वर्ष 20 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने की बात कही गई है।
कृषि क्षेत्र में सपा ने तत्काल कर्जमाफी लागू करने का वादा किया है। 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी के साथ आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलों के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति योजना की घोषणा की गई है।
गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कार्पस फंड बनाने और 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा है। सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की बात कही गई है। घोषणा, पत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विषयों और वर्गों के लिए भी वादे किए गए हैं।
अखिलेश यादव ने घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि सपा केवल घोषणापत्र बनाती नहीं, बल्कि उसे लागू भी करती है। उन्होंने संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई को पीडीए की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि अब पीडीए के लोग अपनी सरकार बनाने के लिए एकजुट हो रहे हैं।
अपराधी किसी जाति, धर्म या दल का हो, जेल भेजा जाएगा
घोषणापत्र में विपक्ष के सपा की सरकार में कथित गुंडराज के आरोपों की धार भी कमजोर करने की कोशिश की गई है। सपा प्रमुख ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि अगले साल जब हम सत्ता में आएंगे तो किसी भी कीमत पर कोई भी गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीन पर कब्जे, अवैध वसूली, धमकाना, डराना, महिलाओं के प्रति अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- 'अखिलेश भी जेल आएं तो पता चले वहां कैसे गुजरते हैं दिन-रात', मंच पर छलका आजम खां का दर्द
अपराधी चाहे किसी भी जाति का, किसी भी धर्म का, किसी भी पार्टी का हो, उसे जेल भेज दिया जाएगा। अपराधों और महिलाओं, पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों के प्रति संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति होगी। किसी भी माफिया या प्रभावशाली व्यक्ति को जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा, इसके लिए विशेष एसटीएफ बनाई जाएगी, जो केवल जमीन विवादों को हल करेगी।
यह भी पढ़ें- 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार... यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र
उनके लिए अलग रंग की गाड़ियां बनाई जाएगी, जो निरंतर पेट्रोलिंग करेगी। उन्होंने प्रत्येक जिले में साइबर यूनिट स्थापित करने, प्रमुख शहरों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, गांवों-कस्बों में सीसीटीवी व ड्रोन निगरानी बढ़ाने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस ढांचा, 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व और खाली पुलिस पद तत्काल भरने की बात कही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।