भाजपा का सदस्यता अभियान उत्तर प्रदेश में जोरों पर, अब तक बनाए गए 1.60 करोड़ से अधिक सदस्य
भाजपा ने उत्तर प्रदेश में सदस्यता अभियान में अब तक 1.60 करोड़ से अधिक सदस्य बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 7 लाख सदस्य जुड़ रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य 2 करोड़ सदस्य बनाने का है। सभी पदाधिकारी अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और सदस्यता का ब्योरा 15 सितंबर के बाद जारी किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा सदस्यता अभियान में उत्तर प्रदेश को उसके लक्ष्य दो करोड़ से आगे ले जाने के लिए पदाधिकारी पूरी सक्रियता बरत रहे हैं। उप्र में अब तक सर्वाधिक 1.60 करोड़ सदस्य बनाए गए हैं। परिणाम उत्साहित करने वाले हैं। सबसे अधिक आबादी वाला राज्य होने के कारण उत्तर प्रदेश की भूमिका भी बड़ी है।
प्रदेश में प्रतिदिन औसतन सात लाख तक सदस्य बनाए जा रहे हैं। हालांकि बीते दो दिनों से बारिश के कारण इसमें कमी आई है। शुक्रवार व शनिवार को लगभग पांच-पांच लाख सदस्य बनाए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी का कहना है कि एक से 15 अक्टूबर तक दूसरे चरण का सदस्यता अभियान चलेगा।
पूरी उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश में सदस्यों की संख्या ढ़ाई करोड़ के पार होगी। सभी पदाधिकारी अभियान में पूरी सक्रियता बरत रहे हैं। महामंत्री व सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल का कहना है कि 15 सितंबर के बाद अभियान का पूरा ब्योरा जारी किया जाएगा। सदस्यता का अभी कोई प्रमाणिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
भाजपा का सदस्यता अभियान
भाजपा ने दो सितंबर को सदस्यता अभियान के पहले चरण की शुरुआत की थी, जो 25 सितंबर तक चला। अभियान में सभी सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत चेयरमैन, प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए लक्ष्य निर्धारित किया था।
पदाधिकारियों को पांच-पांच हजार सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। सभी को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय से रेफरल लिंक के जरिए सदस्य बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक सर्वाधिक चार लाख से अधिक सदस्य लखनऊ में बनाए गए हैं।
अमरोहा में पार्टी की उम्मीद से अधिक लगभग दो लाख सदस्य बनाए गए हैं। ऐसे ही उन्नाव, हरदोई, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, बहराइच गोंडा समेत अन्य जिलों में भाजपा का सदस्यता अभियान तेज गति से चल रहा है। यहां विधानसभा वार 35 से 40 हजार तक सदस्य बनाए गए हैं।
अभियान में रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, बागपत, शामली, फिरोजाबाद, श्रावस्ती समेत कुछ ऐसे जिले हैं, जहां भाजपा को अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं मिला है। यहां विधानसभा वार 15 से 20 हजार तक की सदस्य बनाए जा सके हैं। पिछली बार सदस्यता अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश में 1.83 करोड़ सदस्य बनाए गए थे।