मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी से निकाला, छोटे भतीजे ईशान आनंद की एंट्री; एक्स अकाउंट किया सार्वजनिक
Ishan Anand: मायावती ने छोटे भतीजे ईशान आनंद का सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक भी किया।

आकाश आनंद, बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती---मुख्य सेक्टर प्रभारी ईशान आनंद
HighLights
बसपा मुखिया ने छोटे भतीजे ईशान आनंद को बड़े मंच पर किया लॉन्च
मायावती ने बड़े भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से निकाला, बोलीं- वे अब पूरी तरह से स्वतंत्र
अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के फैसले को 'देर आए, दुरुस्त आए' बताया
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती उत्तर प्रदेश के विधानसभा के चुनाव की तैयारी के क्रम में पार्टी में बड़ी ओवरहालिंग करने के साथ आगे का राह भी खोल दी है।
मायावती के सोशल मीडिया पर पोस्ट के बाद राज्यसभा सदस्य रहे अशोक सिद्धार्थ ने सक्रिय राजनीति से संन्यास लिया तो बसपा मुखिया ने कमेंट किया-'देर आए, दुरुस्त आए'। इसके बाद मायावती ने अशोक सिद्धार्थ के दामाद और अपने बड़े भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से बाहर कर दिया।
ईशान आनंद बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के छोटे भतीजे तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार के छोटे बेटे हैं। हाल ही में वह तब चर्चा में आए जब मायावती ने उनके बड़े भाई आकाश आनंद को पार्टी के पदों और जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया और ईशान आनंद को पार्टी में एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी।
ईशान आनंद का सोशल मीडिया अकाउंट किया सार्वजनिक
बसपा में मायावती के इस फैसले से हलचल मची है, लेकिन उन्होंने दूसरी लाइन भी खींच दी है। मायावती छोटे भतीजे ईशान आनंद को बड़े मंच पर लॉन्च भी कर दिया है। मायावती ने छोटे भतीजे ईशान आनंद का सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक भी किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट भी किया “श्री ईशान आनंद जी का यह आधिकारिक ट्विटर/एक्स अकाउंट है।”
ईशान आनंद को पार्टी में एक बड़ी जिम्मेदारी
बसपा सुप्रीमो मायावती ने ईशान आनंद को पार्टी में बड़ा पद देते हुए कई राज्यों (लगभग 15 से 19 राज्यों) का मुख्य सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे चुनावी राज्यों से अभी दूर रखा गया है। वह अन्य राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और गतिविधियों की समीक्षा करेंगे तथा अपनी रिपोर्ट सीधे मायावती और अपने पिता आनंद कुमार को सौंपेंगे।
मायावती के फैसलों और अनुशासन का खुलकर समर्थन
बड़े भाई आकाश आनंद के निष्कासन और पार्टी के फैसलों के बीच ईशान आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (ट्विटर) पर मायावती के फैसलों और अनुशासन का खुलकर समर्थन किया है, जिसके बाद बीएसपी की राजनीति में उन्हें एक नए और उभरते हुए युवा विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
लंदन के वेस्टमिंस्टर विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री
ईशान आनंद के पिता आनंद कुमार बीएसपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, और उनके बड़े भाई आकाश आनंद पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय समन्वयक रह चुके हैं। ईशान आनंद ने नोएडा के जेनेसिस ग्लोबल स्कूल से शुरुआती पढ़ाई करने के बाद लंदन के वेस्टमिंस्टर विश्वविद्यालय से कानून (लॉ/एलएलबी) की डिग्री प्राप्त की है।
ईशान आनंद लंबे समय से परिवार के व्यावसायिक और कारोबारी कार्यों का प्रबंधन संभाल रहे थे। अब वो राजनीति में सक्रिय हो गए हैं। ईशान अब बुआ मायावती के निर्देश पर पार्टी में संगठन को मजबूती देंगे। ईशान का विवाह बीती अप्रैल 2025 में राधिका खन्ना के साथ हुआ।
मायावती ने बताया बसपा का सिद्धांत
मायावती ने दोहराया कि बीएसपी की राजनीति बाबा साहेब आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के त्याग, समर्पण तथा व्यक्तिगत व पारिवारिक स्वार्थ से दूर रहने के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि बहुजन समाज को शासक वर्ग बनाने के लिए पद की लालसा और निजी हितों से ऊपर उठकर बड़ी कुर्बानियाँ देनी होंगी।
मायावती ने लिखा, सिद्धार्थ द्वारा राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा अति-देर से उठाया गया यह सही कदम है। मायावती ने अशोक सिद्धार्थ और आकाश आनंद पर पार्टी हित से ऊपर पारिवारिक स्वार्थ को तरजीह देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद में पार्टी के प्रति वफादारी की कमी दिखी, क्योंकि उन्होंने ससुर के मोह में आकर बीएसपी के आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट को रिपोस्ट तक नहीं किया।
श्री ईशान आनंद जी का यह आधिकारिक ट्विटर/एक्स अकाउंट है।
— BSP (@Bsp4u) September 9, 2026
सभी फॉलो करें - @IshuAnandBSP pic.twitter.com/wctjK3EXa4
