प्रकाश पर्व पर सीएम योगी ने गुरू नानक देव को किया याद, बोले- 'सिख गुरुओं का बलिदान अमूल्य धरोहर'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर कहा कि गुरु नानक देव ने 'एक ओंकार' का संदेश देकर दुनिया को समानता, सद्भाव और एकजुटता का मार्ग दिखाया।

प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ। फोटो- आधिकारिक X हैंडल
HighLights
गुरु नानक देव ने 'एक ओंकार' का संदेश दिया।
समानता, सद्भाव और एकजुटता का मार्ग दिखाया।
सिख गुरुओं का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। गुरुद्वारे में एक पंगत में बैठकर लंगर छकते लोग, न कोई ऊंच-नीच और न जाति-मजहब का भेद। यही गुरु नानक देव की उस सोच का जीवंत स्वरूप है, जिसमें पूरी मानवता को समान माना गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को डीएवी कॉलेज मैदान में गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित प्रकाश पर्व में कहा कि साहिब श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने 'एक ओंकार' का संदेश देकर दुनिया को समानता, सद्भाव और एकजुटता का रास्ता दिखाया। उनका संदेश था कि ईश्वर एक है और हम सभी उसकी संतान हैं। इसलिए हर व्यक्ति समान सम्मान का अधिकारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज भी समाज को जोड़ने की ताकत रखती हैं,उन्होंने 'नाम जपो, कीरत करो और वंड छको' के सिद्धांत को जीवन में उतारने की अपील करते हुए कहा कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और अपनी कमाई दूसरों के साथ बांटना ही सार्थक जीवन का आधार है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुरु नानक देव ने उस समय समाज को एकता का संदेश दिया, जब जाति और मजहब के नाम पर लोग बंटे हुए थे। उन्होंने अपनी यात्राओं के माध्यम से मानवता को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का रास्ता दिखाया।
गुरुद्वारों में लंगर की परंपरा इसी विचार को व्यवहार में उतारती है। यहां सभी एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। किसी की जाति या मजहब नहीं पूछा जाता। यही सामाजिक समरसता और सच्ची आध्यात्मिकता है, जो मनुष्य को स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज के लिए काम करने की प्रेरणा देती है।
साहिबजादों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर, मुख्यमंत्री आवास से हुई शुरुआत
मुख्यमंत्री ने सिख गुरुओं के त्याग और बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान, गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों का त्याग और सिख वीरों का संघर्ष देश और धर्म की रक्षा के अद्वितीय उदाहरण हैं। 7 साल पहले मुख्यमंत्री आवास में उनके बलिदान दिवस की शुरुआत हुई जो पूरे देश के लिए उदाहरण है।
चारों साहिबजादों का साहस और धर्म के प्रति अटूट निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। इसी उद्देश्य से 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाया जाता है। लखनऊ से शुरू हुआ यह आयोजन आज देशभर में हो रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत जब तक सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, तब तक कोई ताकत देश का अहित नहीं कर सकेगी।
प्रकाश पर्व में में मुख्यमंत्री ने कृषि राज्यमंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, अमृतसर से आए ज्ञानी केवल सिंह और उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह, गुरुद्वारा नाका हिंडोला के अध्यक्ष डा. अमरजोत सिंह, राजेंद्र सिंह बग्गा सहित बड़ी संख्या में सिख संगत मौजूद रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।