उत्तर प्रदेश पुलिस स्मृति दिवस परेड का बदला समय, CM योगी कर सकते हैं PAC की वर्दी में बदलाव की घोषणा
लखनऊ में पुलिस स्मृति दिवस परेड का समय बदला गया है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। इस अवसर पर ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश पुलिस स्मृति दिवस परेड का बदला समय। फाइल फोटो
HighLights
लखनऊ में पुलिस स्मृति दिवस परेड का बदला समय।
सीएम योगी पीएसी की वर्दी में बदलाव की घोषणा कर सकते हैं।
बदायूं महिला पीएसी बटालियन पर भी हो सकती है घोषणा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पुलिस स्मृति दिवस पर लखनऊ पुलिस लाइन में स्मृति परेड शाम को आयोजित की जाएगी। 21 अक्टूबर को होने वाले आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब पौने चार बजे पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए परेड का समय बदला गया है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री की ओर से पीएसी की वर्दी में बदलाव को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा किए जाने की संभावना है। पीएसी की वर्दी को सिविल पुलिस से अलग और विशिष्ट बनाने की प्रक्रिया पहले से चल रही है। इसके लिए सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (यूपीएसएसएफ) की वर्दी के पैटर्न का अध्ययन किया गया है।
सीएम योगी कर सकते हैं PAC की नई वर्दी की घोषणा
मुख्यमंत्री ने चार जून को पीएसी, एसडीआरएफ और यूपीएसएसएफ के आधुनिकीकरण की समीक्षा के दौरान पीएसी की वर्दी को सिविल पुलिस से अलग करने की आवश्यकता जताई थी। इसके बाद नई वर्दी को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। ऐसे में पुलिस स्मृति दिवस की परेड में मुख्यमंत्री इस संबंध में एलान कर सकते हैं।
इसके अलावा बदायूं में प्रस्तावित महिला पीएसी बटालियन को लेकर भी मुख्यमंत्री महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं। चार जून की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बदायूं, लखनऊ और गोरखपुर में निर्माणाधीन महिला बटालियनों के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए थे। बदायूं में वीरांगना अवंतीबाई की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए थे।
पुलिस स्मृति दिवस पर देश की सुरक्षा में बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। उनके स्वजन के सम्मान का कार्यक्रम भी होगा। पुलिस मुख्यालय स्तर पर परेड, स्मृति स्थल, मंच, सुरक्षा और यातायात समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जवानों की शहादत की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता
पुलिस स्मृति दिवस हर वर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में उन पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करने के लिए मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख के हाट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान बलिदान हो गए थे।
इन जवानों की शहादत की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर देशभर में बलिदानी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है। साथ ही उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा में योगदान को याद किया जाता है।
