UP Weather: ताजमहल में भी टपकने लगा पानी, भारी बारिश से उत्तर प्रदेश में जान पर बन आई, 22 की मौत
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। पश्चिमी जिलों में दीवार गिरने की घटनाओं में 20 और वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई है। आगरा और आसपास के जिलों में सबसे ज्यादा असर हुआ है जहां दर्जन भर से अधिक घर धराशायी हो गए हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
जागरण टीम, लखनऊ। प्रदेश के कई जिलों में बादल जमकर बरसे। विशेष तौर पर पश्चिमी जिलों में। इस दौरान दीवार गिरने की घटनाओं में 20 और वज्रपात से दो लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम का रुख ऐसे ही रहेगा। सबसे ज्यादा असर आगरा और आसपास के जिलों में हुआ। वहां वर्षा के कारण दर्जन भर से अधिक घर धराशायी हो गए।
पिछले 24 घंटे में आगरा मंडल और एटा, कासगंज में 15 लोगों की जान चल गई, वहीं एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। ताजमहल के मुख्य मकबरे में पानी टपकने लगा। वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए सभी जिलों में 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
मैनपुरी में दीवार ढहने से एक महिला समेत पांच लोगों की जान चली गई। कासगंज में भी मकान ढहने से दो सगे भाइयों समेत चार ने दम तोड़ दिया। फिरोजाबाद में आकाशीय बिजली से वृद्ध महिला व मकान ढहने से किसान ने दम तोड़ दिया। मथुरा और एटा में भी दो-दो लोगों की मृत्यु हुई है।
आगरा के कश्मीरी बाजार में पुराना मकान ढहने से चार लोग घायल हुए हैं। मुरादाबाद में बुधवार रात से शुरू वर्षा गुरुवार को भी जारी रही। यहां 100 मिमी वर्षा हो चुकी है। लगातार बारिश से एक घर की दीवार गिर गई जिससे दो बच्चों की मृत्यु हो गई। मां घायल है। रामपुर में वर्षा के चलते आठ घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
अमरोहा व संभल में भी ऐसी ही स्थिति रही है। मेरठ में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के दौरान बुलंदशहर में मकान गिरने से 75 वर्षीय महिला की मौत हो गई।अलीगढ़ में भी खूब बारिश हुई। इसके चलते सड़कें जलमग्न हो गईं।
शहर व देहात में आधा दर्जन से अधिक कच्चे-पक्के मकान ढह गए। दीवार गिरने से चारपाई पर सो रहे किसान की दबकर मृत्यु हो गई। कन्नौज-इटावा में भी छत व दीवार गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। चंदौली में वज्रपात से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
वह घर के पास खेल रहा था, तभी यह घटना हो गई। प्रयागराज में पूरे दिन बादल छाए रहे और रिमझिम बारिश भी हुई। प्रतापगढ़ और कौशांबी में भी बादल छाए रहे। हल्की बूंदाबांदी हुई। लखनऊ में भी बरसात का सिलसिला जारी है।
कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश, जनजीवन अस्तव्यस्त
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। कई जिलों में अत्यधिक वर्षा से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। सबसे अधिक बारिश आगरा और अलीगढ़ में दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञानी डा.अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो गया है, जो पश्चिम-दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश से पूर्व-उत्तर पूर्व की दिशा में 10 किमी प्रति घंटे की गति से बढ़ते हुए अब शाहजहांपुर, हरदोई, बरेली, अलीगढ़ और आगरा में स्थित है।
शुक्रवार को बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, मुजफ्फरनगर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
शनिवार को भी बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत में भारी बारिश हो सकती है, जबकि सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास तेज बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें -
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश का अनुमान, कई जिलों में स्कूल बंद करने का निर्देश