विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दूरसंचार अधिकारी पर अभियोजन चलाने की मंजूरी दे सकते हैं राज्यमंत्री, इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ का फैसला

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:20 AM (IST)Updated: Fri, 27 Nov 2026 12:23 AM (IST)

हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने कहा कि संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री दूरसंचार अधिकारी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने के लिए सक्षम प्राधिकारी हैं। 

इलाहाबाद हाई कोर्ट के लखनऊ खंडपीठ ने सुनाया फैसला। (फाइल फोटो)

इलाहाबाद हाई कोर्ट के लखनऊ खंडपीठ ने सुनाया फैसला। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राज्यमंत्री दे सकते हैं अभियोजन की मंजूरी

  2. अभियोजन की मंजूरी नीतिगत फैसला नहीं: हाई कोर्ट

जागरण संवाददाता, लखनऊ। हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने कहा कि संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री दूरसंचार विभाग के अधिकारी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने या खारिज करने के लिए सक्षम प्राधिकारी हैं। यह अधिकार उनके सेवा और अनुशासन संबंधी मामलों पर नियंत्रण के दायरे में आता है।

न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी ने परमात्मा राय की ओर से दाखिल आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज करते हुए कहा कि किसी अधिकारी को सेवा से हटाने का अधिकार रखने वाले प्राधिकारी को उसके खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी देने या अस्वीकार करने का भी अधिकार है।

अदालत ने राय की इस दलील को खारिज कर दिया कि अभियोजन की मंजूरी केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री द्वारा दी जानी चाहिए थी।

कोर्ट ने कहा कि अभियोजन की मंजूरी देना नीतिगत मामला नहीं है, बल्कि यह सेवा और अनुशासन संबंधी मामलों के दायरे में आता है। पुनरीक्षण याचिका में राय ने सीबीआई द्वारा दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में अभियोजन की मंजूरी की वैधता को चुनौती देने वाली उनकी अर्जी खारिज करने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी।

अभियोजन पक्ष का आरोप था कि राय ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से 62 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की थी। पीठ ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने अभियोजन की मंजूरी को लेकर राय की आपत्ति खारिज करने में कोई अवैधता नहीं की। अदालत ने पुनरीक्षण याचिका को निराधार मानते हुए खारिज कर दिया।

कृष्ण जन्मभूमि मामले में यादव महासभा को पक्षकार बनाने की अर्जी खारिज

वहीं, प्रयागराज में हाई कोर्ट ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मूल वाद संख्या 2/2023 में यदुवंशी/यादव/जादौ महासभा को वादी बनाने की अर्जी खारिज कर दी है।

साथ ही समय पर लिखित बयान न दाखिल करने पर प्रतिवादी संख्या तीन और चार का बचाव खत्म कर दिया है। अगली सुनवाई तिथि 10 दिसंबर को कोर्ट सात अर्जियों पर निर्णय देगा। यह आदेश न्यायमूर्ति अवनीश सक्सेना की एकलपीठ ने दिया है।

वाद संख्या दो भगवान श्रीकृष्ण विराजमान मार्फत मनीष यादव व अन्य की तरफ से दाखिल है। इसमें 1973 और 1974 के फैसलों को रद कर कटरा केशव देव, मथुरा की 13.37 एकड़ जमीन का दावा किया गया है।

महासभा की ओर से कहा गया था कि श्रीकृष्ण यदुवंशी थे और वे उनके वंशज हैं, इसलिए उन्हें वादी बनाया जाए। कोर्ट ने कहा कि इस मुकदमे में यह तय नहीं होना है कि यदुवंशी, यादव या जादौन श्रीकृष्ण के वंशज हैं अथवा नहीं। कोर्ट ने यह भी पाया कि महासभा के दावे में ही विरोधाभास है।

वर्ष 2022 की अर्जी में कहा गया था कि महासभा पहले से पंजीकृत है, जबकि नई अर्जी में पंजीकरण की तारीख 24 जनवरी 2026 बताई गई। पुरानी अर्जी पर कोई पैरवी करने नहीं आया, इसलिए उसे खारिज कर दिया गया।

कोर्ट ने कहा कि वादी ही मुकदमे का मालिक होता है। किसी तीसरे व्यक्ति को उसकी इच्छा के खिलाफ पक्षकार नहीं बनाया जा सकता, जब तक वह जरूरी या उचित पक्षकार न हो। दूसरी ओर श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट और श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान ने लिखित बयान दाखिल करने के लिए और समय मांगा।

उन्होंने बीमारी का हवाला दिया, लेकिन इसका कोई कागज नहीं दिखाया। कोर्ट ने कहा कि पहले ही काफी समय दिया जा चुका है। इसलिए दोनों का बचाव खत्म कर दिया गया।

शाही मस्जिद ईदगाह कमेटी की ओर से लिखित बयान में संशोधन की अर्जी पर आपत्ति मांगी गई है। अगली तारीख पर वाद संख्या 1/2023 में सर्वे सहित सात लंबित अर्जियों का निस्तारण होगा।

मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी पर हाई कोर्ट गंभीर

प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में नियमित शिक्षकों की कमी पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गंभीर रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन ने श्रीनिवासन गांधी की याचिका पर सुनवाई करते हुए लोक सेवा आयोग से परीक्षकों की निष्पक्षता और अभ्यर्थियों के विरुद्ध कदाचार जांच संबंधी जानकारी मांगी है।

सरकारी वकील ने आश्वस्त किया कि अनुपालन रिपोर्ट आने तक कोर्ट के आदेशों के अधीन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं होंगी। मामले में अगली सुनवाई आठ दिसंबर को होगी।

पूर्व में दाखिल हलफनामे से सामने आया था कि प्रदेश के सरकारी मेडिकल और नर्सिंग कालेजों में 500 से अधिक लोग संविदा पर कार्यरत हैं और बमुश्किल दो-तीन प्रतिशत पद नियमित दिखे।

प्रोफेसर के सीधी भर्ती वाले 108 पदों में केवल 26 भरे हैं। विशेषज्ञ डाक्टर एवं चिकित्सा शिक्षक भर्ती बोर्ड के गठन पर सरकार के ताजा हलफनामे को कोर्ट ने अस्पष्ट माना।

समयसीमा बताए बिना अध्यादेश लाने की दलील भी स्वीकार नहीं की। सरकार को अंतिम अवसर देते हुए हलफनामा मांगा गया है। कोर्ट ने आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष को भी पक्षकार बनाने का निर्देश दिया है।

यह भी पढ़ें- 'आरोप सिद्ध होने पर ही छीने जा सकते हैं प्रशासकीय अधिकार'; इलाहाबाद हाई कोर्ट की महत्वपूर्ण टिप्पणी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।