शिवा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार, यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने बहन के साथ दबोचा
लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ ने नागपुर से शिवा शर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक दानिश को गिरफ्तार किया है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। हजरतगंज में कैफे संचालक शिवा शर्मा की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
लखनऊ पुलिस और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को नागपुर पुलिस के सहयोग से तीनों को नागपुर से पकड़ा। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपितों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर लखनऊ लाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, शिवा शर्मा हत्याकांड में नौ अक्टूबर को उनकी मां रंजना शर्मा की तहरीर पर हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया था। इसके बाद से ही श्रद्धा, रश्मि और दानिश फरार चल रहे थे। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी थीं।
जांच के दौरान आरोपितों के लगातार ठिकाने बदलने की बात सामने आई थी। बताया जा रहा है कि श्रद्धा आगरा पहुंचने के बाद विमान से नागपुर चली गई थी। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक उसके आगरा से नागपुर जाने के पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। नागपुर में स्थानीय पुलिस की मदद से संयुक्त टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

लगातार जारी कर रही थी वीडियो
हत्याकांड के बाद से ही श्रद्धा के वीडियो सामने आ रहे थे। वह लगातार अपनी सफाई दे रही थी। इस बीच पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। अब तीनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हत्या से जुड़े घटनाक्रम, फरारी के दौरान मिले संभावित मददगारों और उनके ठिकानों के संबंध में पूछताछ करेगी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
