यूपी में एक और बड़ा बस स्टैंड: जल्द शुरू होगा 70 से अधिक प्लेटफॉर्म वाला पोर्ट, यात्रियों को मिलेगी हर सुविधा
लखनऊ के विभूति खंड गोमती नगर में अत्याधुनिक बस पोर्ट दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होगा। यह पीपीपी मॉडल ...और पढ़ें

ऐसा दिखेगा विभूति खंड का बस पोर्ट। परिवहन निगम
HighLights
दिसंबर के पहले सप्ताह में शुरू होगा विभूति खंड बस पोर्ट।
70 प्लेटफॉर्म वाला अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों का हब।
फाइव स्टार होटल, पीवीआर, फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं।
धर्मेश अवस्थी, लखनऊ। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 23 बस स्टेशनों का निर्माण निजी सार्वजनिक सहभागिता (पीपीपी) के तहत डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस आपरेट एंड ट्रांसफर (डीबीएफटी) मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में लखनऊ के ही तीन बस स्टेशन विभूति खंड गोमती नगर, चारबाग और अमौसी चयनित हुए, उनमें विभूति खंड का निर्माण अंतिम चरण में है, दिसंबर के पहले सप्ताह में इसे शुरू करने की तैयारी है।
राजधानी में अभी तक आलमबाग बस टर्मिनल को यात्री सुविधाओं की कसौटी माना जाता रहा है, यह टर्मिनल भी पीपीपी मॉडल पर ही तैयार हुआ था, लेकिन अब इसे हर क्षेत्र में पीछे छोड़ने की तैयारी है। मसलन, आलमबाग टर्मिनल 23274 वर्ग मीटर में बना, जबकि विभूति खंड का बस पोर्ट 30 हजार वर्ग मीटर का होगा।
नए परिसर में बसाें के लिए 70 प्लेटफार्म व यात्रियों को ही सुविधाएं नहीं मिलेंगी बल्कि बसों की मरम्मत के लिए परिसर में ही 29 हजार वर्ग मीटर में क्षेत्रीय डिपो कार्यशाला भी होगी।
पोर्ट से नहीं चलेंगी डीजल बसें
नए बस पोर्ट से डीजल बसें नहीं चलेंगी, इसे इलेक्ट्रिक बसों का हब बनाया जा रहा है। यहां से प्रदेशभर के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा। इसी को ध्यान में रखकर पिछले दिनों परिवहन निगम ने 250 इलेक्ट्रिक बसों को खरीदने की प्रक्रिया शुरू किया है।
बस पोर्ट में यात्रियों के लिए आरामदायक बड़ा एसी वेटिंग लाउंज होगा। बसों का रियल-टाइम शेड्यूल देखने के लिए बड़ी डिजिटल स्क्रीन और आटोमैटिक टिकटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियां) और लिफ्ट की सुविधा होगी।
24 घंटे सीसी कैमरों से निगरानी और आधुनिक सुरक्षा चौकी स्थापित की जाएगी। परिसर में ब्रांडेड शोरूम और रिटेल स्टोर्स, मनोरंजन के लिए पीवीआर और देश-विदेश के व्यंजनों के लिए फूड कोर्ट बन रहा है।
बिजनेस क्लास के ठहरने के लिए फाइव स्टार होटल
यात्रियों और बिजनेस क्लास के ठहरने के लिए फाइव स्टार होटल व स्टूडियो अपार्टमेंट्स साथ ही कारपोरेट कंपनियों के लिए आधुनिक आफिस स्पेस भी मिलेगा।
ऐसे ही वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग स्पेस और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ईवी चार्जिंग स्टेशन के अलावा पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए वर्टिकल गार्डन ग्रीन जोन और वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम रहेगा।
इसके अलावा ओमेक्स ग्रुप परिसर में आधुनिक टायलेट, इमरजेंसी मेडिकल व फार्मेसी, बैंक एटीएम, क्लाक रूम, डारमेंट्री, दुकानें, हास्टल, पुलिस बूथ आदि की सुविधाएं होंगी। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि गोमतीनगर विभूति खंड का मॉडल बस स्टेशन बनकर इसी साल शुरू होगा। दिसंबर के पहले सप्ताह में इसका शुभारंभ कराने की तैयारी है।
