2027 चुनाव के लिए मायावती टटोलेंगी संगठन की नब्ज, यूपी के 75 जिलाध्यक्षों के साथ करेंगी मंथन
मायावती 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए लखनऊ में बसपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सभी 75 जिलाध्यक्षों के साथ ...और पढ़ें

मायावती टटोलेंगी नब्ज।
HighLights
मायावती लखनऊ में बसपा जिलाध्यक्षों संग करेंगी बैठक।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की होगी समीक्षा।
संगठन की मजबूती और प्रत्याशियों पर होगा मंथन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती सोमवार को लखनऊ में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सभी 75 जिलाध्यक्षों के साथ बड़ी बैठक करेंगी। बैठक में संगठन की जमीनी सक्रियता, सदस्यता और आर्थिक मजबूती के साथ ही आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा होगी।ॉ
बसपा के प्रदेश कार्यालय, 12, माल एवेन्यू में सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक में प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी और सभी जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। पार्टी के मुताबिक मायावती संगठन की मजबूती के लिए पहले दिए गए दिशा-निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट लेंगी। इसके अलावा आगामी विधान सभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी प्रत्याशियों के चयन से जुड़े मुद्दों पर भी गहन समीक्षा की जाएगी।
बैठक को 2027 के चुनाव से पहले बसपा के संगठनात्मक ढांचे को कसने की अहम कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। खासतौर पर जिलाध्यक्षों से सीधे फीडबैक लेकर मायावती प्रदेश में पार्टी की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगी। साथ ही संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए आगे की रणनीति पर दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।
