मैं इतना क्यों याद आ रहा हूं? सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर जयन्त चौधरी का तीखा पलटवार
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के पुराने सहयोगियों पर दिए बयान के बाद रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश से अपनी बात पर टिके रहने को कहा और पूछा कि उन्हें मेरी इतनी याद क्यों आ रही है।
HighLights
अखिलेश यादव ने पुराने राजनीतिक सहयोगियों पर की थी टिप्पणी
जयंत चौधरी ने अखिलेश के बयान पर किया तीखा पलटवार
यूपी में सपा-रालोद के बीच सियासी तकरार हुई तेज
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी का नाम लिए बिना उन पर सियासी हमला किया था। इंटरनेट मीडिया पर दिए बयान में उन्होंने पुराने राजनीतिक सहयोगियों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्हें राजनीति में आगे बढ़ाने के बावजूद उन्होंने साथ छोड़ दिया।
जयन्त का पलटवार
सपा मुखिया के बयान के बाद यूपी में राजनीति गरम हो गई। कई जगह जयन्त चौधरी के समर्थकों ने सपा मुखिया का पुतला फूंका। अब जयन्त चौधरी ने पलटवार किया है। एक निजी चैनल के सामने जयन्त चौधरी ने कहा कि बेहतर होगा कि वह अपनी बात पर ही कहें तो अच्छा है। बयानबाजी कर सोचने को मजबूर कर रहे हैं, छोड़ो भी, उसने क्या कहा था? मुझे उसकी इतनी याद क्यों आ रही है? राज्य में लोकतंत्र है, जनता ही सबको चुनती है।
सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कही थीं ये बातें
सपा प्रमुख ने तंज कसते हुए कहा कि ‘कहां-कहां से आ गए थे, चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी..।’ सपा अध्यक्ष का यह बयान ऐसे समय आया है वह लगातार पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के मुद्दे को लेकर पार्टी का जनाधार मजबूत करने में जुटे हैं।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आज दी सफाई
सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चवन्नी का रूपया बनाने वाले बयान पर कहा कि गलत तरीके से भ्रांतियां फैलाई गईं। पीड़ित और शोषितों को सपा ने चवन्नी से रूपया बनाने का काम किया है। किसान नेता मुलायम सिंह यादव ने राजनीतिक नर्सरी तैयार की, जिसमें सभी वर्गों को अहमियत दी गई। जिसके चलते दबे, कुचले लोगों को चमकाने का कार्य किया गया। यह लोगों को समझना चाहिए कि जिनकी पहचान नहीं थी उन्हें सपा ने सोने जैसा चमका दिया। साथ ही कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह का प्रत्येक समाजवादी सम्मान करता है
