Move to Jagran APP

इलाहाबाद विश्वविद्यालय की बंद तिजाेरी में निकला हजारों साल पुराना खजाना, मिले सोने-चांदी के सिक्के

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में 25 वर्षों से बंद पड़े लॉकर और अलमारी से प्राचीन खजाना निकला। इसमें दुर्लभ दीनार सिक्के जम्मू-कश्मीर राजवंश के इतिहास पर रोशनी डालते हैं। 400-500 ईस्वी के बीच किदाराइट साम्राज्य द्वारा जारी किए गए सिक्के मिले। इसके अलावा 500 प्राचीन सिक्के पर्शियन भाषा में शाही फरमान और ताम्रपत्र पर अंकित पाली भाषा में विनय पिटक मिले।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 18 Oct 2024 02:46 AM (IST)
Hero Image
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की केंद्रीय लाइब्रेरी में बंद पड़े लाकर से मिले पुरातात्विक महत्व के सिक्के व अन्य दस्तावेज।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय में 25 वर्षों से बंद पड़े लॉकर और अलमारी से ‘खजाना’ निकला है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण दुर्लभ दीनार के वह सिक्के हैं, जो जम्मू-कश्मीर राजवंश के इतिहास पर रोशनी डाल रहे हैं। 

कुछ सिक्कों का मुद्राशास्त्र विशेषज्ञ से परीक्षण के बाद सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, ये सिक्का लगभग 400-500 ईस्वी के बीच किदाराइट साम्राज्य द्वारा जारी किए गए थे, जो उस समय जम्मू और कश्मीर क्षेत्र पर शासन करता था। 

इसके अलावा, मिली धरोहरों में विभिन्न धातुओं के करीब 500 प्राचीन सिक्के, पर्शियन भाषा में लिखा एक शाही फरमान और ताम्रपत्र पर अंकित पाली भाषा में विनय पिटक शामिल है। विनय पिटक बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए अनुशासन नियमों का संग्रह है।

1998 में बंद की गई थी पुरातात्विक धरोहरें

एक दशक से भी ज्यादा समय से इलाहाबाद विश्वविद्यालय में मौजूद इस पुरातात्विक धरोहरों को 1998 में एक समिति ने लॉकर व अलमारी में बंद कर दिया था। इसके बाद से ये वस्तुएं अनछुई थीं। 

गुरुवार को लॉकर खुलने के बाद सिक्कों का मुद्राशास्त्र विशेषज्ञ से परीक्षण कराया गया है। इसकी रिपोर्ट के अनुसार, 400-500 ईस्वी में किदाराइट साम्राज्य जम्मू और कश्मीर क्षेत्र पर शासन करता था। इस विशेष सिक्के का वजन 7.34 ग्राम है और इसका व्यास 21 मिमी है। इसे गोल आकार में तैयार किया गया था। 

हालांकि, यह थोड़ा असमान है। सोने से निर्मित इस सिक्के की रचना "डिबेस्ड" मानी जाती है, जिसका अर्थ है कि इसमें शुद्ध सोने की मात्रा कम है। इसके अग्रभाग पर एक राजा को खड़ा दिखाया गया है, जो बाएं तरफ वेदी पर बलि दे रहा है। 

राजा के हाथ के नीचे ब्राह्मी लिपि में लिखा हुआ है, जिसका अनुवाद "किदारा" होता है, जो किदाराइट साम्राज्य के शासक का संदर्भ है। इस खोज से किदाराइट साम्राज्य और जम्मू-कश्मीर के प्राचीन इतिहास पर शोध करने वाले विद्वानों के लिए नए आयाम खुल सकते हैं। 

चांदी, तांबा और सोने के सिक्के भी शामिल 

लॉकर में मिले प्राचीन सिक्के विभिन्न शासकों के काल से संबंधित हैं और इनमें से कई सिक्के 2,000 साल पुराने माने जा रहे हैं। इनका संबंध मौर्य, कुषाण, और गुप्तकाल जैसी प्राचीन सभ्यताओं से है। 

वहीं, पर्शियन भाषा में लिखा हुआ शाही फरमान 16वीं शताब्दी का है, जब इलाहाबाद सूबा बना था और यह सोरांव तहसील से संबंधित है।

जम्मू-कश्मीर में अल्पकालिक था किदाराइट का प्रभाव 

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के इतिहासकार प्रो. हर्ष कुमार के मुताबिक, किदाराइट साम्राज्य का इतिहास मध्य एशिया और भारत के उत्तरी क्षेत्र, विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर से जुड़ा है। यह साम्राज्य चौथी से छठी शताब्दी के बीच सक्रिय था। किदाराइट्स मध्य एशियाई जनजाति थे, जिन्हें "हेफथलाइट्स" या "सफेद हूणों" से भी जोड़ा जाता है, इनके बारे में ऐतिहासिक जानकारी सीमित और विवादित है। 

किदाराइट्स का जम्मू-कश्मीर में प्रभाव अल्पकालिक था, लेकिन उन्होंने राजनीतिक संक्रमण के इस युग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मिले सिक्के (दीनार) किदाराइट साम्राज्य के शासक प्रतापादित्य-टू के शासन काल के बताए जाते हैं।

यह भी पढ़ें: मेरी शादी करवा दो… कोई करवा चौथ का व्रत तो रखे! फरियाद सुनकर हैरत में पड़े विधायक, पूछा- कैसी लड़की चाहिए?

यह भी पढ़ें: डासना देवी मंदिर मामले में 3 और गिरफ्तार, पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश जारी; अब तक हत्थे चढ़े 25 आरोपी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।