विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में दो दिवसीय ‘दैनिक जागरण संवादी’ 27 से, दो दिन होगा अभिव्यक्ति का उत्सव

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:38 PM (IST)

Dainik Jagran Samvadi Lucknow 2026: इसके मंच पर साहित्य, सिनेमा, राजनीति और कला के विभिन्न आयाम दिखते हैं तो समाज के संवेदनशील मुद्दों पर मंच से दीर्घा तक विमर्श होता है। इस आयोजन के प्रांगण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी ही इसकी विशेषता है।

दैनिक जागरण का लोकप्रिय आयोजन ''संवादी'' 27 व 28 नवंबर को

दैनिक जागरण का लोकप्रिय आयोजन ''संवादी'' 27 व 28 नवंबर को 

HighLights

  1. साहित्य, सिनेमा और सियासत के रंगों से सजेगा 'संवादी' का मंच, क्यू आर कोड से करें रजिस्ट्रेशन

  2. लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में सजेगा संवाद का अनूठा मंच

  3. देखें और सुनें सिनेमा, साहित्य, कला, संस्कृति, राजनीति, पत्रकारिता और सामाजिक सरोकार के मुद्दे

  4. अभिनेता पीयूष मिश्रा, कीर्ति कुल्हारी, दिव्येन्दु और विनीत कुमार सिंह भी साझा करेंगे अपने अनुभव

जागरण संवाददाता, लखनऊ। विचारों की विविधता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और रचनात्मकता का उत्सव एक बार फिर राजधानी में सजने जा रहा है। दैनिक जागरण का लोकप्रिय आयोजन ''संवादी'' 27 व 28 नवंबर को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में साहित्य, सिनेमा, कला, पत्रकारिता और राजनीति के अलग-अलग रंग लेकर उपस्थित होगा। दो दिवसीय साहित्यिक उत्सव के पहले दिन का उद्घाटन सुबह 11:30 बजे होगा। कार्यक्रम में प्रवेश निश्शुल्क रहेगा।

हर बड़े राज्य और शहर में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुका यह आयोजन अपने बहुरंगी स्वरूप के कारण बेहद लोकप्रिय है। इसके मंच पर साहित्य, सिनेमा, राजनीति और कला के विभिन्न आयाम दिखते हैं तो समाज के संवेदनशील मुद्दों पर मंच से दीर्घा तक विमर्श होता है। इस आयोजन के प्रांगण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी ही इसकी विशेषता है।

देश, समाज और शहर का हर रंग इसके मंच पर बिखरता है। संवादी के मंच पर इस बार भी देश की कई जानी-मानी शख्सियतें अपने अनुभवों और विचारों को साझा करेंगी। इसी उद्देश्य के साथ प्रतिवर्ष संवादी का आयोजन किया जाता है। अभिव्यक्ति के इस उत्सव ने देश के कई बड़े शहरों में अपनी पहचान बनाई है।

अपने बहुरंगी स्वरूप और विविध विषयों के कारण यह आयोजन साहित्य, कला, सिनेमा और विचारों में रुचि रखने वालों के बीच खासा लोकप्रिय है। देश की अनेक नामचीन हस्तियां अब तक संवादी के मंच की शोभा बढ़ा चुकी हैं। इस बार दोनों दिवसों में 12 से अधिक सत्रों में दिलचस्प बातें सुनने के लिए अवश्य आइए।

उद्घाटन सत्र में 27 नवंबर को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी और दैनिक जागरण के राज्य संपादक (उत्तर प्रदेश) आशुतोष शुक्ल के साथ दैनिक जागरण के फीचर संपादक अनंत विजय संवाद करेंगे।

अभिनेता पीयूष मिश्रा के साथ दोपहर 12 बजे पहले सत्र में 'साहित्य सिनेमा में कलाकार की औकात' विषय पर बातचीत करेंगे पटकथा लेखक मनोज राजन त्रिपाठी। दूसरे सत्र में पटकथा लेखिका और उपन्यासकार अनु सिंह व संपादक एवं लेखिका अमृता त्रिपाठी ''साहित्य, प्रकाशन और महिलाएं'' सत्र में अपने विचार रखेंगी। इस सत्र का संचालन संस्कृतिकर्मी लीपिका भूषण करेंगी।

तीसरे सत्र में दोपहर दो बजे से श्रीहनुमन्निवास अयोध्या के पीठाधीश्वर महांत मिथिलेशनंदिनीशरण और दैनिक जागरण के कार्यकारी संपादक विष्णु प्रकाश त्रिपाठी ''अयोध्या और राजधर्म'' विषय पर संवाद करेंगे। दोपहर तीन बजे से चौथा सत्र ''साहित्य के नवांकुर'' को समर्पित होगा। इस सत्र में लेखिका अपरा कुच्छल और उपन्यासकार प्रशांत कश्यप नई पीढ़ी के लेखन और साहित्य की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

अगले सत्र में शाम पांच से छह बजे तक ''ओटीटी और सिनेमा की राह'' प्रशस्त होगी। अभिनेता राजेश कुमार और दिव्येन्दु से दैनिक जागरण की स्मिता श्रीवास्तव सिनेमा के विविध पहलुओं पर बातचीत करेंगी। पहले दिन का समापन शाम छह बजे से होने वाली कवि गोष्ठी से होगा। वरिष्ठ गीतकार बुद्धिनाथ मिश्र की अध्यक्षता में अनामिका अंबर, शायर अजहर इकबाल, रामायणधर द्विवेदी, सर्वेश तिवारी और जगदीप अंचल अपनी रचनाओं से श्रोताओं को काव्य रस से सराबोर करेंगे।

दूसरे दिन युवा लेखन से राजनीति तक चर्चा

28 नवंबर को सुबह 11 बजे आठवें सत्र ''युवा लेखन के सपने'' से दूसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत होगी। जागरण बेस्टसेलर लेखक सत्य व्यास, मनोज राजन त्रिपाठी और उपन्यासकार भगवंत अनमोल के साथ दैनिक जागरण के अनुपम त्रिपाठी युवा लेखन की चुनौतियों और संभावनाओं पर बात करेंगे।

दोपहर 12 बजे नवें सत्र ''पत्रकारिता और रीलबाजी'' में वरिष्ठ पत्रकार चित्रा त्रिपाठी और दैनिक जागरण के उप राज्य संपादक मनीष तिवारी के साथ राजनीतिक विश्लेषक शहजाद पूनावाला संवाद करेंगे। इसमें बदलते मीडिया परिदृश्य, सोशल मीडिया और पत्रकारिता की विश्वसनीयता जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

दोपहर एक बजे से दसवें सत्र ''साहित्य में रामकथा'' में कवि एवं लेखक यतीन्द्र मिश्र और लेखक आनंद नीलकंठन के साथ दैनिक जागरण के राज्य संपादक (उत्तर प्रदेश) आशुतोष शुक्ल रामकथा के साहित्यिक और समकालीन संदर्भों पर बात करेंगे। इसके बाद अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी के साथ ''मिशन मनोरंजन'' सत्र होगा। इस सत्र की खेवनहार होंगी दैनिक जागरण की स्मिता श्रीवास्तव।

दूसरे दिन का सबसे महत्वपूर्ण यानी बारहवां सत्र दोपहर दो बजे ''राजनीति का उत्तम प्रदेश'' होगा। इसमें भाजपा के प्रवक्ता मनीष शुक्ला, कांग्रेस के प्रवक्ता अभय कुमार दुबे, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता दीपक रंजन और एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली शामिल होंगे। इनके साथ दैनिक जागरण के उप राजनीतिक संपादक अजय जायसवाल प्रदेश की राजनीति, विकास और भविष्य की चुनौतियों पर संवाद करेंगे।

शाम चार बजे से तेरहवें सत्र इतिहास का लाल रंग में इतिहासकार अरविंद सिंह व इतिहासकार शान कश्यप के साथ दैनिक जागरण के वरिष्ठ समाचार संपादक डा. भारतीय बसंत कुमार चर्चा करेंगे। चौदहवें एवं अंतिम सत्र में अभिनेता विनीत कुमार सिंह ''विविधरंगी अभिनेता'' से लोगों को परिचित कराएंगे। उनके साथ संवाद करेंगे दैनिक जागरण के प्रशांत कश्यप।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।