विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी यूपी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, अगस्त में कम बारिश के बाद अब दिखेगा मानसून का जोर

Updated: Mon, 31 Aug 2026 08:22 AM (IST)

अगस्त में औसत से कम बारिश के बावजूद, उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो रहा है और सितंबर के पहले सप्ताह में बारिश बढ़ने की संभावना है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. अगस्त में औसत से कम बारिश, सितंबर में मानसून सक्रिय।

  2. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी।

  3. 58 जिलों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। प्रदेश में मौसम लगातार सक्रिय बना हुआ है। इस नाते अगस्त में सामान्य औसत से कम बारिश का अनुमान होने के बावजूद कई जिलों में अधिक तो कुछ जिलों में औसत बारिश हुई। लखनऊ में एक जून से 30 अगस्त तक 507.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य औसत से एक प्रतिशत कम है। हालांकि पूरे प्रदेश में इस अवधि में 544.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई, जो सामान्य औसत से सात प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह में बारिश में वृद्धि होने की संभावना है, जबकि पूरे माह में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश ने बताया कि अगस्त में उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई थी, लेकिन निम्न दबाव क्षेत्र बंगाल की खाड़ी पर निरंतर पर बना हुआ है। इस नाते से उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में लगातार अच्छी बारिश हो रही है। उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व उत्तरी ओडिशा के तट पर बना निम्न दबाव क्षेत्र अगले 48 घंटों के दौरान मजबूत होकर पश्चिम-उत्तर दिशा में आगे बढ़ेगा, जो उत्तरी ओडिशा व गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजर सकता है।

इसके साथ निचले क्षोभमंडल में पूर्वी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मानसूनी द्रोणी फिर से सक्रिय हो रही है। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम वर्षा के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा होगी। चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।

इन जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बांदा, कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में भी भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

58 जिलों में मेघगर्जन संग वज्रपात की आशंका

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर।

उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को मेघगर्जन के साथ वज्रपात की आशंका व्यक्त की है।

सर्वाधिक बारिश वाले शीर्ष 10 जिले

  • जिला बारिश औसत वर्षा
  • संभल 1024 93
  • चित्रकूट 946.5 52
  • बिजनौर 940.1 27
  • मुजफ्फरनगर 930 76
  • बांदा 895.3 47
  • मेरठ 875.3 67
  • हमीरपुर 865.2 55
  • महोबा 828.4 70
  • बहराइच 824.9 07
  • प्रयागराज 752.9 36
  • (बारिश-मात्रा मिमी में, औसत वर्षा प्रतिशत में। आंकड़ा- एक जून से 30 अगस्त तक। स्रोत - मौसम विभाग)