विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के नियमों में होगा बड़ा बदलाव, खत्म होगी दो गवाहों की अनिवार्यता

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:00 AM (IST)Updated: Thu, 19 Nov 2026 06:53 AM (IST)

उत्तर प्रदेश में संपत्ति रजिस्ट्री के नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, जिसमें दो गवाहों की अनिवार्यता समाप्त की जाएगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. संपत्ति रजिस्ट्री में अब दो गवाहों की आवश्यकता नहीं होगी।

  2. आधार-आधारित ई-केवाईसी से क्रेता-विक्रेता की पहचान सत्यापित होगी।

  3. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र की तरह यूपी में भी यह सुविधा मिलेगी।

अजय जायसवाल, लखनऊ। प्रदेशवासियों को संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के लिए दो गवाहों को साथ लाने के झंझट से जल्द ही राहत मिल जाएगी। राज्य सरकार वर्षों पुरानी इस व्यवस्था को समाप्त कर ऐसी प्रक्रिया लागू करने जा रही है जिससे संपत्ति के खरीदार को रजिस्ट्री कार्यालय में एक भी गवाह को साथ लाने की आवश्यकता नहीं होगी।

संपत्ति को बेचने और खरीदने वाले की आधार आधारित ई-केवाईसी से ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। प्रदेश में संपत्तियों की फर्जी रजिस्ट्री पर अंकुश लगाने के मद्देनजर रजिस्ट्री के लिए आधार-आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था लागू है। इसके तहत संपत्ति को बेचने (विक्रेता) व खरीदने (क्रेता) वाले के साथ ही दो गवाहों को पहचान के लिए रजिस्ट्री कार्यालय में आकर आधार से जुड़े बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन) और लाइव फोटो सत्यापन अनिवार्य किया गया है।

चूंकि आनलाइन आवेदन के साथ अब क्रेता व विक्रेता की पहचान का सत्यापन आधार आधारित ई-केवाईसी व्यवस्था से पूरी तरह संभव है, इसलिए पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र ने रजिस्ट्री के लिए दो गवाहों को रजिस्ट्री कार्यालय में लाने की अनिवार्यता समाप्त कर दी है।स्टांप एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने बताया कि चूंकि प्रदेश में आधार-आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था हम लागू कर चुके हैं, इसलिए दो गवाहों के जरिये सत्यापन कराने की आवश्यकता अब नहीं रह गई है।

ऐसे में मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र की तरह प्रदेशवासियों को भी संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए दो गवाहों को साथ में रजिस्ट्री कार्यालय लाने की अनिवार्यता से जल्द ही मुक्ति दिलाने की पूरी तैयारी है। इसके लिए कैबिनेट की अगली बैठक में संबंधित नियमावली में संशोधन करने संबधी प्रस्ताव पर निर्णय हो सकता है।

जायसवाल ने बताया कि सरकार, रविवार की तरह कार्यालय समय के बाद भी रजिस्ट्री की सुविधा देने की दिशा में भी काम कर रही है ताकि खासतौर से नौकरीपेशा वालों को संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के लिए अवकाश न लेना पड़े। कार्यालय अवधि के बाद भी वह अपनी सुविधानुसार रजिस्ट्री करा सकें।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 26 व 27 फरवरी 2027 को, 24 नवम्बर 2026 को जारी होगा विज्ञापन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।